साहू-किड़ी मार्ग पर एसआईयू टीम की बड़ी कार्रवाई, 1.54 ग्राम चिट्टा/हेरोइन सहित चार युवक गिरफ्तार

चम्बा, 09 दिसंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चम्बा पुलिस की एसआईयू टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। आज शाम करीब 5 बजे साहू-किड़ी सड़क मार्ग पर कुलेला पुल के पास गश्त के दौरान पुलिस ने चार युवकों को 1.54 ग्राम चिट्टा/हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान 17 वर्षीय मोहिंदर कुमार पुत्र स्व. लविंदर कुमार निवासी गांव पारोथा, डाकघर साहू, तहसील व जिला चम्बा, 27 वर्षीय सुमित कुमार पुत्र हेम राज निवासी गांव मरेड़ी, डाकघर बरौर, तहसील व जिला चम्बा, 17 वर्षीय भविष्य जरीयाल पुत्र केवल कृष्ण निवासी मोहल्ला सुराड़ा, डाकघर चम्बा, तहसील व जिला चम्बा तथा 28 वर्षीय चंदन पुत्र करम चंद निवासी गांव भेला, डाकघर साहू, तहसील व जिला चम्बा के रूप में हुई है।

एसआईयू टीम ने चारों आरोपियों को मौके पर ही हिरासत में लेकर उनके कब्जे से 1.54 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद किया। इसके बाद आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना सदर चम्बा में मादक द्रव्य अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यह नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे किन लोगों तक सप्लाई किया जाना था।इस पूरे मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक चम्बा विजय कुमार सकलानी ने की है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे इस अभियान में पुलिस का सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाना को दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। तो वही कल चारों आरोपियों को माननीय अदालत में पेश किया जाएगा।