उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया 14 नवंबर से रहेंगे चंबा प्रवास पर

उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया 14 नवंबर से रहेंगे चंबा प्रवास पर

चंबा, 12 नवम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)


उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया 14 नवंबर से चंबा जिले के दौरे पर रहेंगे। विभागीय प्रवक्ता से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वे 14 नवंबर को दोपहर बाद चुवाड़ी–जोत–चंबा मार्ग का निरीक्षण करेंगे। इसके उपरांत वे प्राकृतिक आपदा से प्रभावित चंबा–भरमौर राष्ट्रीय उच्च मार्ग (NH-154A) के विभिन्न क्षतिग्रस्त स्थलों का निरीक्षण करेंगे।

शाम को उप मुख्य सचेतक भरमौर में आयोजित राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में होने वाली सांस्कृतिक संध्या में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम के उपरांत उनका रात्रि विश्राम भरमौर में रहेगा।

अगले दिन, 15 नवंबर को सुबह 10 बजे केवल सिंह पठानिया अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कार्यालय, भरमौर में जल शक्ति, लोक निर्माण विभाग, विद्युत बोर्ड तथा अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में वे विकास कार्यों की प्रगति और आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्बहाली के प्रयासों की समीक्षा करेंगे।

समीक्षा बैठक के पश्चात वे भरमौर हेलीपैड पर आयोजित राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस के समापन समारोह में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया के साथ विशेष अतिथि के रूप में भाग लेंगे। इसके उपरांत शाम 4 बजे उप मुख्य सचेतक भरमौर से डलहौज़ी के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां उनका रात्रि ठहराव रहेगा।

कार्यक्रम के अनुसार, 17 नवंबर को केवल सिंह पठानिया प्रातः 11 बजे डलहौज़ी से रैत (जिला कांगड़ा) के लिए प्रस्थान करेंगे। उनके इस प्रवास के दौरान चंबा एवं भरमौर क्षेत्र में विकास कार्यों की समीक्षा, जनसमस्याओं के समाधान तथा विभिन्न विभागीय गतिविधियों का आकलन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!