बनीखेत यूथ क्लब को मिली नई नेतृत्व टीम, सुनील दत्त राणा बने चेयरमैन

बनीखेत यूथ क्लब को मिली नई नेतृत्व टीम, सुनील दत्त राणा बने चेयरमैन

डलहौजी/चम्बा, 9 दिसंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

बनीखेत यूथ क्लब की एक महत्वपूर्ण बैठक आज सर्वसम्मति से आयोजित की गई, जिसमें क्लब के संगठनात्मक ढांचे को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं। बैठक में सर्वसहमति से समाजसेवी एवं खेल गतिविधियों से लंबे समय से जुड़े सुनील दत्त राणा को यूथ क्लब का नया चेयरमैन नियुक्त किया गया। इसके साथ ही तृभूषण महाजन एवं जे.पी. ठाकुर को निरीक्षक/मुख्य सलाहकार का दायित्व सौंपा गया।इस अवसर पर यूथ क्लब के अध्यक्ष विश्वजीत सिंह ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि ये तीनों ही व्यक्तित्व लंबे समय से सामाजिक, खेलकूद और युवाओं से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। उनका क्लब के प्रति सहयोग हमेशा प्रेरणादायी रहा है और उनके मार्गदर्शन से निश्चित रूप से क्लब को नई दिशा और मजबूती मिलेगी।विश्वजीत सिंह ने कहा कि यूथ क्लब केवल खेलकूद तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक सरोकारों, युवाओं को सही दिशा देने, नशा मुक्ति अभियान, स्वच्छता, रक्तदान शिविर और आपदा के समय सेवा जैसे कार्यों में भी अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। अब नई नेतृत्व टीम के मार्गदर्शन में क्लब और अधिक प्रभावी ढंग से कार्य करेगा।नवनियुक्त चेयरमैन सुनील दत्त राणा ने इस जिम्मेदारी के लिए क्लब के सभी सदस्यों का धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि वह युवाओं के हित में निरंतर कार्य करते रहेंगे और क्लब को एक मजबूत मंच बनाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। वहीं तृभूषण महाजन और जे.पी. ठाकुर ने भी अपने अनुभव से क्लब को मार्गदर्शन देने का भरोसा दिलाया।बैठक के दौरान उपस्थित सभी सदस्यों ने आशा जताई कि नई टीम के नेतृत्व में बनीखेत यूथ क्लब आने वाले समय में और भी उत्कृष्ट कार्य करेगा तथा युवाओं को सकारात्मक दिशा देने में अपनी अहम भूमिका निभायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!