भरमौर की बेटी स्नेहा ने रचा इतिहास, बेंगलुरु में होने वाली राष्ट्रीय शतरंज चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई

भरमौर की बेटी स्नेहा ने रचा इतिहास, बेंगलुरु में होने वाली राष्ट्रीय शतरंज चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई

भरमौर/ चम्बा 06 दिसम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)

विधानसभा क्षेत्र भरमौर की ब्रेही पंचायत के अति दुर्गम गांव चोभूगला की प्रतिभाशाली छात्रा स्नेहा ने एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए बेंगलुरु में आयोजित होने वाली 69वीं राष्ट्रीय स्कूल खेल शतरंज चैंपियनशिप 2025–26 के लिए क्वालीफाई कर लिया है। दुर्गम क्षेत्र से निकली इस होनहार बेटी ने अपनी लगन, मेहनत और तीव्र बुद्धि के दम पर यह मुकाम प्राप्त किया है, जो पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।स्नेहा की इस सफलता ने न केवल उनके परिवार, विद्यालय और पंचायत का मान बढ़ाया है, बल्कि पूरे भरमौर क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। गांव जैसे कठिन भौगोलिक परिस्थितियों वाले क्षेत्र से राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता तक पहुंचना उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर अभ्यास का परिणाम है।इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर विधानसभा क्षेत्र भरमौर के विधायक डॉ. जनक राज ने स्नेहा को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने कहा कि स्नेहा जैसी प्रतिभाएं हिमाचल प्रदेश का भविष्य उज्ज्वल बनाती हैं।

डॉ. जनक राज ने कामना की कि स्नेहा आगामी राष्ट्रीय चैंपियनशिप में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर हिमाचल का नाम स्वर्ण अक्षरों में दर्ज कराएं।उन्होंने इस उपलब्धि के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ब्रेही के शिक्षकों और स्नेहा के अभिभावकों की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि छात्राओं को सही मार्गदर्शन और प्रोत्साहन देने में विद्यालय का योगदान महत्वपूर्ण है। शिक्षकों और परिवार के सहयोग ने स्नेहा की प्रतिभा को निखारने में अहम भूमिका निभाई है।स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने भी स्नेहा को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह उपलब्धि क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।स्नेहा अब राष्ट्रीय मंच पर अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए तैयारी में जुट गई है। पूरे भरमौर क्षेत्र को उनसे बड़ी उम्मीदें हैं कि वह राज्य का परचम एक बार फिर ऊंचा लहराएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!