ऊना दुष्कर्म प्रकरण में नया मोड़,पीड़िता और आरोपी एसडीएम के बीच हुआ समझौता

ऊना दुष्कर्म प्रकरण में नया मोड़,पीड़िता और आरोपी एसडीएम के बीच हुआ समझौता

ऊना, 4 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)


हिमाचल प्रदेश के बहुचर्चित ऊना दुष्कर्म मामले में एक अप्रत्याशित मोड़ सामने आया है। पीड़िता ने आरोपी एसडीएम विश्व मोहन देव के साथ आपसी सहमति से समझौता कर लिया है। इस मामले को लेकर पीड़ित पक्ष की ओर से अदालत में याचिका वापस लेने की अर्जी दाखिल की गई है।

शुक्रवार को यह मामला हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के वोकेशन जज न्यायमूर्ति राकेश कैंथला के समक्ष पेश हुआ। सुनवाई के दौरान सरकार की ओर से स्टेटस रिपोर्ट प्रस्तुत की गई, साथ ही विश्राम गृह ऊना के चौकीदार का पूरक बयान भी अदालत में रखा गया। पीड़ित पक्ष की ओर से अधिवक्ता ने अदालत को सूचित किया कि दोनों पक्षों में समझौता हो चुका है और अब वे मुकदमे को आगे नहीं बढ़ाना चाहते।

अदालत ने इस कथित समझौते की पुष्टि के लिए 6 अक्तूबर को मुखबिर को अदालत में पेश करने का आदेश दिया है। गौरतलब है कि अब तक अदालत ने आरोपी एसडीएम को किसी भी प्रकार की अंतरिम राहत प्रदान नहीं की है।

इस प्रकरण की पृष्ठभूमि पर गौर करें तो 10 अगस्त को पीड़िता ने एसडीएम पर दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया था। आरोप है कि घटना के दौरान पीड़िता के रोने पर आरोपी ने उससे शादी करने का आश्वासन दिया। इसके बाद 20 अगस्त को विश्राम गृह में दोबारा दुष्कर्म करने और वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देने के भी आरोप लगाए गए थे।

शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया था। हालांकि अब दोनों पक्षों के बीच समझौता होने से मामले की दिशा बदल गई है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि अदालत इस समझौते को किस रूप में स्वीकार करती है और आगे क्या रुख अपनाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!