चनेड़ में टाइलों से भरा ट्रक दुर्घटनाग्रस्त, चालक की मौके पर मौत

चंबा 4 जुलाई मुकेश कुमार(गोल्डी)
राष्ट्रीय उच्च मार्ग 154ए पर चनेड़ के समीप आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया, जिसमें एक टाइलों से भरा ट्रक गहरी खाई में गिर गया। इस हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान रामस्वरूप पुत्र पेमाराम, निवासी स्वनतसर, बीकानेर (राजस्थान) के रूप में की गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक (नंबर आरजे 50 जीए 5000) राजस्थान से चंबा की ओर आ रहा था। जैसे ही यह ट्रक चनेड़ के समीप पहुंचा, अचानक संतुलन बिगड़ने से ट्रक सड़क से नीचे नाले में जा गिरा। यह घटना तड़के सुबह की है जब स्थानीय ग्रामीण अपने दैनिक कार्यों की तैयारी कर रहे थे। तभी अचानक एक तेज धमाके की आवाज सुनकर लोग मौके की ओर दौड़े।ग्रामीणों ने नाले में गिरे ट्रक को देखा और तुरंत वहां पहुंचे। ट्रक में फंसे चालक को अचेत अवस्था में पाया गया। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल चालक को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।बताया जा रहा है कि मृतक रामस्वरूप स्वयं ही ट्रक का मालिक था और वह यह सामान चंबा पहुंचा रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगामी जांच शुरू कर दी गई है।इस दुखद हादसे की पुष्टि पुलिस अधीक्षक चंबा, अभिषेक यादव ने की है। पुलिस द्वारा मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहन का संतुलन बिगड़ना माना जा रहा है।