स्वरोजगार और सामाजिक सेवा में युवा योगदान का प्रेरणादायक उदाहरण बने अनिकेत कुमार

स्वरोजगार और सामाजिक सेवा में युवा योगदान का प्रेरणादायक उदाहरण बने अनिकेत कुमार

चंबा, 11 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)

चंबा नगर परिषद के सुल्तानपुर मोहल्ले के निवासी 24 वर्षीय अनिकेत कुमार युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनकर उभरे हैं। दसवीं कक्षा तक शिक्षा प्राप्त करने के बाद उन्होंने पारिवारिक परिस्थितियों को देखते हुए स्वरोजगार की राह अपनाई और साथ ही समाज में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने का बीड़ा भी उठाया।

अनिकेत कुमार वर्तमान में एक तिपहिया वाहन के माध्यम से गन्ने का रस बेचते हैं। इससे वे हर महीने लगभग 50 से 60 हजार रुपये की आय अर्जित कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। उन्होंने यह व्यवसाय सरकार की स्वनिधि माइक्रो क्रेडिट योजना के तहत शुरू किया, जिससे उन्हें आत्मनिर्भर बनने में मदद मिली। इससे पहले वह सर्विस स्टेशन, वेल्डिंग और मैकेनिक जैसे कार्यों में भी अनुभव प्राप्त कर चुके हैं।

अनिकेत का मानना है कि यह स्मार्ट वर्क का युग है और युवा अगर लगन और ईमानदारी से कार्य करें, तो वे स्वयं का भविष्य संवार सकते हैं। वे यह भी मानते हैं कि स्वरोजगार के लिए आज अनेक सरकारी योजनाएं उपलब्ध हैं, जिनका लाभ उठाकर युवा आत्मनिर्भर बन सकते हैं।

सामाजिक उत्तरदायित्व का निर्वहन करते हुए अनिकेत स्थानीय मंदिर में अपनी सेवाएं देते हैं और युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हैं। उनका कहना है कि यदि युवा अपने कर्तव्यों का निष्ठा से पालन करें, तो समाज में सकारात्मक बदलाव संभव है।

अनिकेत कुमार का जीवन इस बात का प्रमाण है कि छोटी शुरुआत और सच्चे प्रयास से भी बड़े बदलाव लाए जा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!