डलहौजी के डोलमा लखांग मठ में श्रद्धा भाव से मनाई गई बुद्ध पूर्णिमा,भगवान बुद्ध की शिक्षाओं पर चलने का दिया संदेश

डलहौजी/चम्बा 12 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
बुद्ध पूर्णिमा का पर्व बैसाख माह की पूर्णिमा को पूरे श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जाता है। यह दिन बौद्ध समुदाय के लिए विशेष महत्व रखता है, क्योंकि इसी दिन भगवान गौतम बुद्ध का जन्म हुआ था, उन्हें ज्ञान की प्राप्ति हुई थी और इसी दिन उनका महापरिनिर्वाण भी हुआ था।
इस पावन अवसर पर डलहौजी की प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कथलग स्थित डोलमा लखांग मठ में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बौद्ध अनुयायियों ने भाग लिया और भगवान बुद्ध की शिक्षाओं को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

धर्मगुरु पलजोर नेगी ने इस आयोजन के महत्व को रेखांकित करते हुए बताया कि बुद्ध पूर्णिमा बौद्ध धर्मावलंबियों के लिए अत्यंत पूजनीय दिन है। उन्होंने कहा कि तिब्बती पंचांग के अनुसार बुद्ध पूर्णिमा इस वर्ष 11 जून को मनाई जाएगी, जिसके तहत डोलमा लखांग मठ में विशेष धार्मिक आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न मठों से आए धर्मगुरु भी भाग लेंगे और विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान बुद्ध के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलित किए और शांतिपूर्वक ध्यान में लीन होकर आशीर्वाद प्राप्त किया। स्थानीय बौद्ध समुदाय के लोगों ने एक-दूसरे को बुद्ध पूर्णिमा की शुभकामनाएं दीं और भगवान बुद्ध की शिक्षाओं जैसे करुणा, अहिंसा और सत्य के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

इस आयोजन ने न केवल धार्मिक समरसता को बढ़ावा दिया, बल्कि स्थानीय व पर्यटक समुदाय के लोगों को भी बौद्ध संस्कृति और परंपराओं के करीब लाने का कार्य किया।