डलहौजी के विधायक डी.एस. ठाकुर ने एनएचपीसी पर लगाए विकास कार्यों में उपेक्षा के गंभीर आरोप

डलहौजी के विधायक डी.एस. ठाकुर ने एनएचपीसी पर लगाए विकास कार्यों में उपेक्षा के गंभीर आरोप

डलहौजी/ चम्बा 03 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)

डलहौजी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डी.एस. ठाकुर ने एनएचपीसी द्वारा क्षेत्रीय विकास में अपेक्षित सहयोग न किए जाने को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। इस संबंध में उन्होंने एक औपचारिक पत्र जारी कर बैरा सियूल पावर स्टेशन, सुरंगानी से जुड़ी विभिन्न जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।पत्र में उल्लेख किया गया है कि वर्ष 1980 से संचालित इस परियोजना के निर्माण के दौरान स्थानीय लोगों की भूमि अधिग्रहित की गई थी। उस समय प्रदेश सरकार और एनएचपीसी के बीच हुए समझौते (एमओयू) के तहत सीएसआर मद से स्थानीय जनता एवं पंचायतों के विकास तथा मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का प्रावधान किया गया था। किंतु वर्तमान में इन प्रावधानों का प्रभावी क्रियान्वयन नहीं हो रहा है।विधायक ने कहा कि सुरंगानी स्थित एनएचपीसी कॉलोनी में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों और विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों के अभिभावकों को पूर्व में उपलब्ध कराए जा रहे किराये के आवास बंद कर दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त बीएसपी सेंट्रल स्कूल, सुरंगानी में पढ़ने वाले छात्रों के लिए सुरंगानी से मुंगल और कंदला तक संचालित बस सेवाएं भी डीएवी स्कूल खुलने के बाद बंद कर दी गई हैं, जिससे विद्यार्थियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।पत्र में यह भी उल्लेख है कि कॉलोनी परिसर में किराये के मकानों में रह रहे परिवारों के बिजली और पानी के कनेक्शन काटने संबंधी नोटिस जारी किए गए हैं, जिससे छात्रों सहित कई परिवार प्रभावित हुए हैं। साथ ही, एनएचपीसी परिसर में स्थित अस्पताल में प्राथमिक उपचार की समुचित व्यवस्था न होने तथा प्री-प्राइमरी स्कूल बंद किए जाने को लेकर भी चिंता व्यक्त की गई है।विधायक ने एसडीएम सलूणी को निर्देशित करते हुए मामले की जांच कर समाधान सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने एनएचपीसी प्रबंधन को सीएसआर गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन और मूलभूत सुविधाओं की बहाली के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!