चंबा में खंड चिकित्सा अधिकारियों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित, स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति पर मंथन

चंबा 18 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, चंबा द्वारा आज पंडित जवाहर लाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज चम्बा के नर्सिंग हॉल में जिला स्तर पर खंड चिकित्सा अधिकारियों की मासिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंबा डॉ. जालम भारद्वाज ने की।बैठक के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत मासिक प्रगति रिपोर्टों का विस्तार से आकलन किया। उन्होंने महत्वाकांक्षी जिले के अंतर्गत संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं और गतिविधियों की समीक्षा करते हुए उनकी प्रगति को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है, जिसके लिए सभी अधिकारी समन्वय और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें।मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत जिले में संचालित प्रमुख कार्यक्रमों की भी समीक्षा की। इनमें प्रजनन एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम, नियमित टीकाकरण कार्यक्रम, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम, गैर-संचारी रोग (एनसीडी) कार्यक्रम तथा एचएमआईएस से संबंधित गतिविधियां शामिल रहीं।

इसके साथ ही उन्होंने खंड स्तर पर हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों की कार्यप्रणाली, सेवाओं की गुणवत्ता और जनभागीदारी की स्थिति का भी जायजा लिया।बैठक में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कविता महाजन, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. हरित पूरी, डॉ. करण हितैषी, डॉ. वेहवी गुरंग सहित खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील ककड़, डॉ. नवदीप राठौर, डॉ. दिपेश बराल, डॉ. पदमा, डॉ. शाम लाल, डॉ. शिव राज तथा सभी स्वास्थ्य खंडों के स्वास्थ्य पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।अंत में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ-साथ समयबद्ध रिपोर्टिंग और फील्ड स्तर पर निगरानी को और मजबूत करेंगे, ताकि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता निरंतर बेहतर हो सके।