डलहौजी डंपिंग साइट पर अज्ञात शरारती तत्वों ने लगाई आग, कूड़ा संयंत्र व मोटर जलकर राख, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

डलहौजी डंपिंग साइट पर अज्ञात शरारती तत्वों ने लगाई आग, कूड़ा संयंत्र व मोटर जलकर राख, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

डलहौजी/ चम्बा 8 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)

बीती देर शाम करीब साढ़े नौ बजे डलहौजी नगर परिषद की कूड़ा-कचरा डंपिंग साइट पर आग लगने की घटना सामने आई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार डलहौजी शहर के समीप कथलग रोड स्थित नगर परिषद की डंपिंग साइट में अज्ञात शरारती तत्वों ने जानबूझकर कूड़े में आग लगा दी। हालांकि, इस घटना की सूचना स्थानीय थाना को नहीं दी गई, बल्कि सीधे फायर ब्रिगेड बनीखेत को सूचित किया गया।फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।

राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई भी जानी नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन आग से भारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। कूड़ा संयंत्र और उसमें लगी मोटर पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी है। इसके अतिरिक्त डंपिंग साइट के समीप से गुजरने वाली पानी की पाइपलाइनों को भी गंभीर नुकसान हुआ है, जिससे कुछ घरों में जलापूर्ति सेवा प्रभावित हो सकती है।घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और डलहौजी नगर परिषद के अधिकारी मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। प्रारंभिक रूप से यह संदेह जताया जा रहा है कि यह घटना किसी अज्ञात शरारती तत्व की कारस्तानी है।

हालांकि इस संबंध में अब तक कोई पुलिस शिकायत दर्ज नहीं की गई है।स्थानीय लोग इस तरह की घटनाओं को नगर की सुरक्षा व्यवस्था में चूक मान रहे हैं और प्रशासन से दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। साथ ही, नगर परिषद से डंपिंग साइट की सुरक्षा बढ़ाने और भविष्य में इस तरह की घटनाओं से निपटने के लिए आवश्यक कदम उठाने की भी अपील की गई है।प्रशासन द्वारा आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है तथा प्रभावित संरचनाओं की मरम्मत व पुनः संचालन की दिशा में आवश्यक कार्रवाई शीघ्र की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!