डलहौज़ी में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती पर भव्य कार्यक्रम का हुआ आयोजन

डलहौज़ी में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन

डलहौजी/ चम्बा 15 अप्रैल मुकेशकुमार (गोल्डी)

डलहौज़ी स्थित बचत भवन में बीते कल डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती एवं भारतीय संविधान के अंगीकरण के 75वें वर्ष के उपलक्ष्य में एक भव्य तहसील स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय, डलहौज़ी के तत्वावधान में संपन्न हुआ, जिसमें लगभग 60 से 70 लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य डॉ. अंबेडकर के जीवन, विचारों एवं उनके राष्ट्रनिर्माण में दिए गए योगदान पर प्रकाश डालना था।

एक संवादात्मक सत्र के माध्यम से बाबा साहेब के सामाजिक न्याय, समानता, शिक्षा और संविधान निर्माण में योगदान पर विस्तृत चर्चा की गई। वक्ताओं ने डॉ. अंबेडकर के विचारों को आज के समय में भी प्रासंगिक बताया और युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित किया।तहसील कल्याण अधिकारी डलहौज़ी ने सामाजिक कल्याण विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी, जिनमें वृद्धावस्था पेंशन, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना (NFBS), अनुसूचित जाति/जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम, महर्षि वाल्मीकि आवास योजना और मुख्यमंत्री विधवा एवं एकल नारी सहायता योजना प्रमुख रहीं। इन योजनाओं का उद्देश्य समाज के कमजोर वर्गों को सशक्त बनाना है।कार्यक्रम में वाल्मीकि सभा एवं वाल्मीकि यूथ क्लब की सक्रिय भूमिका रही, जिन्होंने आयोजन को सफल बनाने में विशेष सहयोग दिया।

नगर परिषद डलहौज़ी के पार्षदगण भी उपस्थित रहे और उन्होंने डॉ. अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की। यह आयोजन सामाजिक समरसता, समानता एवं न्याय की भावना को सशक्त करने की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!