DIET सरू चम्बा में मानसिक स्वास्थ्य व आत्महत्या रोकथाम पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

चम्बा 24 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
चम्बा में छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आज डाइट सरु चम्बा में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा अधिकारी चम्बा के सौजन्य से आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व और आत्महत्या रोकथाम से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ करण हितैषी ने मुख्य वक्ता के रूप में छात्रों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में मानसिक स्वास्थ्य एक गंभीर विषय बनता जा रहा है और इसे प्राथमिकता देना अत्यंत आवश्यक है। भारत सरकार मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण पहल कर रही है।

उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा राष्ट्रीय टेली-मानस (Tele-MANAS) सेवा के माध्यम से 24 घंटे और सप्ताह के सातों दिन निःशुल्क परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा ‘किरण’ हेल्पलाइन तथा जिला स्तर पर मानसिक आघात केंद्र भी स्थापित किए जा रहे हैं, ताकि मानसिक तनाव या अवसाद से जूझ रहे लोगों को समय पर सहायता मिल सके।डॉ. करण ने विद्यार्थियों को जानकारी देते हुए बताया कि मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे लोगों के लिए 24/7 टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-599-0019 और 080-46110007 शुरू किए गए हैं। इन सेवाओं के माध्यम से विशेषज्ञों द्वारा निःशुल्क परामर्श दिया जाता है, जिससे जरूरतमंद लोगों को समय पर मार्गदर्शन मिल सके।कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य छात्रों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व के प्रति जागरूक करना, उन्हें तनाव प्रबंधन और आत्म-देखभाल के तरीकों की जानकारी देना तथा ऐसा सकारात्मक और सहयोगात्मक वातावरण तैयार करना था, जहां छात्र बिना किसी झिझक के अपने अनुभव साझा कर सकें।

विशेषज्ञों ने बताया कि मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए योग, ध्यान, नियमित व्यायाम, संतुलित आहार और सकारात्मक जीवनशैली बेहद महत्वपूर्ण हैं। साथ ही स्कूलों और कार्यस्थलों पर मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बढ़ाने और सहायक नीतियां बनाने की भी आवश्यकता है, ताकि समाज में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति शर्म और डर की भावना को समाप्त किया जा सके।