डलहौजी विधानसभा के बनीखेत मंडल में भाजपा की संगठनात्मक बैठक संपन्न, आगामी कार्यक्रमों पर बनी रणनीति

डलहौजी/ चम्बा 20 दिसम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)
भारतीय जनता पार्टी डलहौजी विधानसभा क्षेत्र के बनीखेत मंडल में आज एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता बनीखेत मंडल अध्यक्ष विशाल टंडन ने की, जबकि जिला सह प्रभारी रमेश राणा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस बैठक में पार्टी संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी कार्यक्रमों की प्रभावी रूपरेखा तय करने पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में मंडल प्रभारी विनोद कुमार, जिला महामंत्री सुभाष ठाकुर, जिला उपाध्यक्ष विजय ठाकुर, बनीखेत मंडल महामंत्री अशोक चौहडिया सहित मंडल के सभी मोर्चा अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की गई और मंडल स्तर पर चल रहे कार्यों की जानकारी साझा की गई।जिला सह प्रभारी रमेश राणा ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा एक अनुशासित और जनसेवा के लिए समर्पित संगठन है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों और केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही चुनावी सफलता की कुंजी है, जिसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कार्य करना होगा।मंडल अध्यक्ष विशाल टंडन ने बैठक को संबोधित करते हुए आगामी कार्यक्रमों, बूथ स्तर पर संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान तथा जनसंपर्क गतिविधियों पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से ही पार्टी का संदेश आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंच सकता है।बैठक में आगामी समय में आयोजित होने वाले पार्टी कार्यक्रमों के लिए विस्तृत योजना तैयार की गई तथा सभी मोर्चाओं को अपने-अपने स्तर पर जिम्मेदारियां सौंपी गईं। अंत में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के संकल्प के साथ बैठक का समापन किया गया।