विधानसभा अध्यक्ष ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों का किया स्थलीय निरीक्षण, प्रभावितों को दी सहायता का भरोसा

चंबा 6अगस्त मुकेश कुमार ( गोल्डी)
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने आज भटियात विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर मौके पर स्थिति का जायज़ा लिया। उनके साथ उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।निरीक्षण के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने लाहड़ू-सिहुंता मुख्य मार्ग पर पनियाला माता मंदिर के समीप भू-स्खलन से क्षतिग्रस्त हिस्से का अवलोकन किया।

उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि यातायात की बहाली के लिए वैकल्पिक मार्ग की शीघ्र व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।इसके उपरांत श्री पठानिया ने ग्राम पंचायत टुंडी के अंतर्गत बह रहे नाले, ग्राम पंचायत समोट के त्रिहा गांव तथा ग्राम पंचायत खदेट के फलाड गांव का दौरा किया। इन स्थलों पर उन्होंने आपदा से प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने उपमंडलीय प्रशासन को राहत और पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने तथा ज़रूरी संसाधन तत्परता से उपलब्ध करवाने के निर्देश भी दिए।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रदेश सरकार प्रभावित परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर राहत पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित लोगों को तात्कालिक सहायता, खाद्य सामग्री, बिजली-पानी और अन्य जरूरी सुविधाएं तुरंत उपलब्ध करवाई जाएं।इस अवसर पर राज्य वन निगम के निदेशक मंडल सदस्य कृष्ण चंद चेला, एसडीएम पारस अग्रवाल, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण दिवाकर सिंह पठानिया, अधिशासी अभियंता नरेन्द्र चौधरी, जल शक्ति विभाग के राकेश ठाकुर, विद्युत विभाग के पंकज राठौर, खंड विकास अधिकारी अनिल गुरड़ा सहित कई विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
