राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गोला में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया रहे मुख्य अतिथि

भटीयात/चम्बा 23 दिसम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)
भटियात विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गोला में आज वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया, जिसके उपरांत विद्यालय प्रबंधन समिति एवं स्थानीय लोगों द्वारा विधानसभा अध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।अपने संबोधन में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों को शैक्षणिक, खेलकूद एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र के विकास की आधारशिला है तथा विद्यार्थी देश का उज्ज्वल भविष्य हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार दुर्गम एवं पिछड़े क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने शिक्षकों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं व्यक्तित्व निर्माण में अहम योगदान देते हैं।उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गोला में विद्यार्थियों की संख्या उपलब्ध होने पर वाणिज्य संकाय की कक्षाएं आरंभ करने का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि भविष्य में विद्यार्थियों की संख्या में आनुपातिक वृद्धि होने पर विज्ञान संकाय भी प्रारंभ किया जाएगा। इसके अतिरिक्त उन्होंने भटियात क्षेत्र के सर्वांगीण विकास पर बल देते हुए कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, विद्युत और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने विद्यालय की सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए 25 हजार रुपये की धनराशि देने की घोषणा भी की। समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने हिंदी, पंजाबी तथा हिमाचली लोक संस्कृति पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।समारोह में प्रधानाचार्य उत्तम सिंह ने विद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर राज्य वन निगम के सदस्य निदेशक मंडल चेला कृष्ण चंद, एसडीएम पारस अग्रवाल, उप पुलिस अधीक्षक शेर सिंह, वन मंडल अधिकारी रजनीश महाजन, उपनिदेशक उच्च शिक्षा विकास महाजन, खंड विकास अधिकारी अनिल गुराडा, अधिशासी अभियंता नरेंद्र चौधरी, राकेश ठाकुर, पंकज राठौर, विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष इंदु बाला, पंचायत प्रतिनिधि, विद्यालय के विद्यार्थी, उनके अभिभावक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
