दूध उत्पादकों ने परिवहन सब्सिडी दोगुना करने पर मुख्यमंत्री का जताया आभार

दूध उत्पादकों ने परिवहन सब्सिडी दोगुना करने पर मुख्यमंत्री का जताया आभार

शिमला, 19 जुलाई चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस( ब्यूरो)

कामधेनु हितकारी सोसाइटी से जुड़े दूध उत्पादकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को शिमला में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू से भेंट कर पंजीकृत दूध समितियों के लिए परिवहन सब्सिडी को ₹1.50 से बढ़ाकर ₹3 प्रति लीटर करने के फैसले पर आभार जताया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि इस निर्णय से सोसाइटी से जुड़े लगभग 6,000 परिवार लाभान्वित होंगे।

दूध उत्पादकों ने मुख्यमंत्री को अवगत करवाया कि हिमाचल प्रदेश देश का पहला राज्य है जो अपने दुग्ध उत्पादकों को परिवहन सब्सिडी प्रदान कर रहा है। उन्होंने राज्य सरकार की किसानों और पशुपालकों के प्रति प्रतिबद्धता के लिए आभार प्रकट किया और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण विकास और किसानों की आय बढ़ाने को लेकर सजग है। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश अब देश में दूध के लिए सबसे अधिक न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) देने वाला राज्य बन चुका है। सरकार गाय का दूध ₹51 प्रति लीटर और भैंस का दूध ₹61 प्रति लीटर की दर से खरीद रही है। इसके अतिरिक्त गेहूं, मक्की, जौ और कच्ची हल्दी के लिए भी क्रमशः ₹60, ₹40, ₹60 व ₹90 प्रति किलोग्राम की दर से एमएसपी तय की गई है।

मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वह सितंबर के पहले सप्ताह में कामधेनु दुग्ध समिति द्वारा आयोजित समारोह में भाग लेंगे। इस अवसर पर मौजूद अर्की विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजय अवस्थी ने मुख्यमंत्री की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि वे किसानों, दिहाड़ीदारों और वंचित वर्गों की समस्याओं को लेकर सदैव प्रतिबद्ध हैं।

यह निर्णय राज्य की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा और प्रभावी कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!