पहाड़ी गांधी बाबा काशीराम जयंती पर चंबा में राज्य स्तरीय साहित्य समारोह आयोजित
हिमाचल के विभिन्न जिलों से साहित्यकारों ने लिया भाग

चंबा, 11 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
पहाड़ी गांधी बाबा काशीराम की जयंती के अवसर पर हिमाचल कला, संस्कृति एवं भाषा अकादमी के तत्वावधान में आज भूरी सिंह संग्रहालय, चंबा में राज्य स्तरीय साहित्य समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल मुख्य अतिथि रहे, जबकि बाबा काशीराम के पौत्र व प्रपौत्र विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह में उपस्थित रहे।समारोह का शुभारंभ उपायुक्त ने बाबा काशीराम के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ किया।

उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बाबा काशीराम का राष्ट्रभक्ति साहित्य और स्वतंत्रता संग्राम में योगदान प्रेरणादायक है। उन्होंने ऐसे आयोजनों को भावी पीढ़ियों तक प्रेरणा पहुंचाने का माध्यम बताया।समारोह दो सत्रों में संपन्न हुआ। प्रथम सत्र की अध्यक्षता पद्मश्री विजय चम्बयाल ने की, जिन्होंने बाबा काशीराम की साहित्यिक एवं देशभक्ति भावना पर प्रकाश डाला। द्वितीय सत्र की अध्यक्षता डॉ. मस्तराम शर्मा ने की, जिसमें पूर्व सहायक आयुक्त व साहित्यकार पीपी सिंह विशिष्ट अतिथि रहे।द्वितीय सत्र में बहुभाषी कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें पहाड़ी गांधी बाबा काशीराम के योगदान को कविता व प्रस्तुतीकरण के माध्यम से स्मरण किया गया।
डॉ. शंकर वसिष्ठ और रमेश चंद्र मस्ताना ने उनके जीवन और योगदान पर व्याख्यान प्रस्तुत किए। युद्धवीर टंडन ने बाबा की जीवन यात्रा पर प्रस्तुति दी।हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए साहित्यकारों ने इस अवसर पर काव्य पाठ किया। कार्यक्रम में सहायक सचिव डॉ. श्यामा वर्मा ने स्वागत भाषण दिया जबकि ज़िला भाषा अधिकारी तुकेश शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित किया।इस अवसर पर अकादमी द्वारा पुस्तक प्रदर्शनी भी लगाई गई। समारोह में अनेक नामी साहित्यकारों की उपस्थिति रही, जिन्होंने बाबा काशीराम को श्रद्धांजलि अर्पित की।