प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना के तहत पांगी में जो की खरीद शुरू, किसानों में उत्साह

प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना के तहत पांगी में जो की खरीद शुरू, किसानों में उत्साह

चम्बा /पांगी 10 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

कृषि विभाग आत्मा परियोजना खंड पांगी के अंतर्गत प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना के तहत किसानों से प्राकृतिक विधि से उत्पादित जो की फसल की खरीद शुरू कर दी गई है। किसानों से यह खरीद ₹6000 प्रति क्विंटल (₹60 प्रति किलोग्राम) की दर से की जा रही है, जिससे किसानों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

पाली बीटीएम आत्मा परियोजना पांगी ने जानकारी दी कि शुक्रवार को इस योजना के तहत पांगी मुख्यालय किलाड़ और कुफा पंचायतों के किसानों से कुल 7 क्विंटल जो की खरीद की गई। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में पांगी की अन्य पंचायतों में भी किसानों से इसी दर पर जो की खरीद की जाएगी, जिससे अधिक से अधिक किसानों को इस योजना का लाभ मिल सके।

राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना का उद्देश्य किसानों को रासायनिक खेती से दूर रखते हुए पर्यावरण अनुकूल और स्वास्थ्यवर्धक फसल उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करना है। इस योजना से किसानों को न केवल अपनी फसल का उचित मूल्य मिल रहा है बल्कि उनके उत्पाद को बेहतर बाजार (मार्केट लिंक) भी उपलब्ध हो रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि प्राकृतिक खेती अपनाने से किसानों की खेती लागत में कमी आई है, जबकि उत्पादन की गुणवत्ता में सुधार हुआ है। साथ ही जैविक उत्पादों की बढ़ती मांग के चलते किसानों को बेहतर आर्थिक लाभ मिल रहा है।

स्थानीय किसानों ने सरकार और कृषि विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल पांगी घाटी के कृषि क्षेत्र में नई दिशा प्रदान करेगी। किसानों को उम्मीद है कि आने वाले समय में प्राकृतिक खेती से जुड़े उत्पादों की खपत और बाजार विस्तार से उनकी आर्थिक स्थिति और मजबूत होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!