डलहौजी की बाथरी पंचायत में बड़ा हादसा, रसोईघर की छत गिरने से महिला की मौत, पति घायल

डलहौजी की बाथरी पंचायत में बड़ा हादसा, रसोईघर की छत गिरने से महिला की मौत, पति घायल

डलहौजी/चम्बा, 3 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)

उपमंडल डलहौजी की बाथरी पंचायत के गांव कुम्हारका में आज एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जब एक मिट्टी के रसोईघर की छत गिरने से एक महिला की मौत हो गई और उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के समय 45 वर्षीय शशि कुमार अपनी पत्नी रितु के साथ रसोईघर में रात का खाना तैयार कर रहा था।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खाना बनाते समय अचानक रसोईघर की पुरानी और जर्जर छत भरभराकर गिर गई, जिससे दोनों पति-पत्नी मलबे के नीचे दब गए। छत गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। साथ ही उन्होंने इस दुर्घटना की सूचना स्थानीय ग्राम पंचायत और प्रशासन को दी।

ग्रामीणों ने मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला। घायल शशि कुमार तथा रितु को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाथरी पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार शशि की हालत स्थिर बनी हुई है तथा उसकी पत्नी की मौत हो चुकी है ।घटना की सूचना मिलते ही उपमंडलाधिकारी डलहौजी नागरिक अनिल भारद्वाज मौके पर पहुंचे। उन्होंने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को तत्काल राहत के रूप में 25 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की। प्रशासन द्वारा आगे की राहत और सहायता प्रक्रिया जारी रखने का आश्वासन भी दिया गया है। तो वहीं स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच चुकी है और आगे की कार्यवाही को अंजाम दे रही है।

बता दें कि यह हादसा एक बार फिर जर्जर कच्चे मकानों की स्थिति और ग्रामीण इलाकों में भवन सुरक्षा की ध्यान आकर्षित करता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि वे कमजोर संरचनाओं की जांच कर आवश्यक कदम उठाएं ताकि भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!