आकांक्षी ज़िला कार्यक्रम की बैठक में उपायुक्त ने दी निर्देशों की झड़ी,विभागीय प्रगति की समीक्षा, डाटा अपलोडिंग पर विशेष जोर

चंबा, 22 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
आकांक्षी ज़िला कार्यक्रम के तहत जिला चंबा में विकास के विभिन्न मानकों की समीक्षा के लिए उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक उपायुक्त कार्यालय के सभागार में सम्पन्न हुई, जिसमें स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, बाल विकास, आधारभूत संरचना, वित्तीय समावेशन एवं कौशल विकास जैसे बिंदुओं पर केंद्रित चर्चा की गई।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आकांक्षी ज़िला कार्यक्रम के अंतर्गत निर्धारित इन्डीकेटर्स का गहन विश्लेषण कर डाटा पोर्टल पर समयबद्ध रूप से अपलोड करें। उन्होंने कृषि विभाग को रबी सीजन के अंतर्गत जौ की खेती संबंधी राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय आंकड़े प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए।इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के अंतर्गत मनरेगा श्रमिकों, आशा व आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को जोड़ने तथा इन योजनाओं के प्रचार-प्रसार को लेकर ठोस प्रयास करने पर बल दिया गया।

बैठक में जिला पंचायत अधिकारी को निर्देशित किया गया कि वे मोबाइल सिग्नल से वंचित ग्राम पंचायतों की अद्यतन सूची उपलब्ध करवाएं, जिससे इन क्षेत्रों में आवश्यक विकासात्मक कदम उठाए जा सकें।बैठक में विभागीय अधिकारियों ने अब तक की गई प्रगति की बिंदुवार जानकारी दी। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अमित मैहरा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विपिन ठाकुर, जिला विकास अधिकारी ओम प्रकाश ठाकुर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
