अपरिहार्य कारणों से 26 जनवरी को होने वाला ईट राइट मेला स्थगित

अपरिहार्य कारणों से 26 जनवरी को होने वाला ईट राइट मेला स्थगित

चम्बा 19 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

जिला चंबा में 26 जनवरी को आयोजित किया जाने वाला एक दिवसीय ईट राइट मेला फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। यह मेला चौगान नंबर-1 में आयोजित होना था, जिसे अब अपरिहार्य परिस्थितियों के चलते आगामी आदेशों तक स्थगित किया गया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा दीपक आनंद ने बताया कि ईट राइट इंडिया अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले इस मेले का उद्देश्य आमजन को स्वस्थ, सुरक्षित एवं संतुलित आहार के प्रति जागरूक करना था। मेले के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा खाद्य सुरक्षा, पोषण, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली से जुड़े विषयों पर जानकारी दी जानी थी। साथ ही स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी, स्वास्थ्यवर्धक खाद्य पदार्थों के स्टॉल तथा जागरूकता गतिविधियों का आयोजन प्रस्तावित था।
उन्होंने बताया कि प्रशासनिक एवं अन्य अपरिहार्य कारणों के चलते इस आयोजन को फिलहाल स्थगित करना पड़ा है। मेले की नई तिथि और कार्यक्रम से संबंधित जानकारी शीघ्र ही सार्वजनिक की जाएगी, ताकि आमजन को समय रहते अवगत करवाया जा सके।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे आगामी आदेशों एवं सूचनाओं के लिए जिला प्रशासन अथवा खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी पर ही विश्वास करें। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि ईट राइट मेला का आयोजन भविष्य में उपयुक्त समय पर किया जाएगा, ताकि लोग स्वास्थ्यवर्धक खानपान के महत्व को समझ सकें और इसका लाभ उठा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!