उपायुक्त मुकेश रेपासवाल की अध्यक्षता में राज्य आपदा शमन कोष के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा

उपायुक्त मुकेश रेपासवाल की अध्यक्षता में राज्य आपदा शमन कोष के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा

चंबा 08 दिसम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)

उपायुक्त चंबा मुकेश रेपासवाल की अध्यक्षता में आज उपायुक्त कार्यालय स्थित राष्ट्रीय सूचना केंद्र के सभाकक्ष में राज्य आपदा शमन कोष के अंतर्गत चल रहे विभिन्न विकास एवं सुरक्षा से जुड़े कार्यों की प्रगति को लेकर एक विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में स्वीकृत परियोजनाओं की समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करना रहा।बैठक के दौरान उपायुक्त ने लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग तथा राष्ट्रीय उच्च मार्ग प्राधिकरण के अधिशासी अभियंताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि राज्य आपदा शमन कोष के अंतर्गत स्वीकृत सभी आधारभूत संरचनाओं के शमन एवं संरचनात्मक सुदृढ़ीकरण (रेट्रोफिटिंग) से संबंधित कार्यों को 31 मार्च से पूर्व हर हाल में पूर्ण किया जाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बताया कि राज्य कार्यकारी समिति द्वारा जिला चंबा के लिए कुल 161 कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से लगभग 80 कार्य वर्तमान में प्रगति पर हैं, जबकि शेष कार्यों से संबंधित विभागीय औपचारिकताएं पूर्ण की जा रही हैं।उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं की टेंडर प्रक्रिया लंबित है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए ताकि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण हो सकें। बैठक में अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय उच्च मार्ग तथा जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंताओं ने अपने-अपने विभागों द्वारा संचालित परियोजनाओं की वर्तमान प्रगति, व्यय की गई धनराशि और आगामी लक्ष्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।

बैठक में संरचनात्मक सुदृढ़ीकरण से संबंधित कार्यों पर भी विशेष रूप से चर्चा की गई। अधिकारियों ने मौजूदा भवनों की संरचनात्मक कमियों, आवश्यक सुधारों तथा उन्हें अधिक सुरक्षित और आपदा-रोधी बनाने के लिए अपनाई जा रही आधुनिक तकनीकों पर प्रकाश डाला। इसके अतिरिक्त सरकारी भवनों की भूकंप सहनशीलता बढ़ाने हेतु पायलट परियोजना के तहत विभिन्न उपमंडलों में चल रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई।उपायुक्त ने सभी विभागों को नियमित मॉनिटरिंग, फील्ड निरीक्षण और समय पर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अमित मैहरा, अधिशासी अभियंता दिनेश कुमार, अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय उच्च मार्ग मीत शर्मा, अधीक्षण अभियंता दिवाकर पठानिया सहित विभिन्न उपमंडलों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!