फायर चौकी बनीखेत ने डलहौजी यूथ क्लब में आपदा मित्रों को दिया अग्निशमन प्रशिक्षण, आपदा प्रबंधन क्षमता होगी मजबूत

फायर चौकी बनीखेत ने डलहौजी यूथ क्लब में आपदा मित्रों को दिया अग्निशमन प्रशिक्षण, आपदा प्रबंधन क्षमता होगी मजबूत

डलहौजी/ चम्बा 26 नवंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

फायर चौकी बनीखेत के फायर दल द्वारा आज डलहौजी यूथ क्लब में आपदा मित्रों को अग्नि दुर्घटनाओं के दौरान बचाव कार्यों की महत्वपूर्ण तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य आपदा की स्थिति में स्थानीय समुदाय को सक्षम बनाना तथा आगजनी जैसे आपातकालीन हालात में त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना रहा।फायर दल के प्रशिक्षकों ने आपदा मित्रों को आग लगने के विभिन्न कारणों, प्राथमिक सुरक्षा मानकों तथा आग को फैलने से रोकने की तकनीकों से अवगत कराया। प्रशिक्षण के दौरान आग बुझाने के व्यवहारिक तरीके, फायर एक्सटिंग्विशर के सही प्रयोग, गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति में किए जाने वाले आवश्यक कदम, घरों एवं सार्वजनिक स्थानों में सुरक्षा उपायों तथा आग लगने पर तत्काल प्रतिक्रिया के तरीकों का प्रदर्शन किया गया।

फायर कर्मियों ने यह भी बताया कि आग की किसी भी घटना में घबराहट के बजाय समझदारी, त्वरित निर्णय और सही उपकरणों का प्रयोग ही बड़े नुकसान को रोक सकता है। आपदा मित्रों को टीमवर्क, सुरक्षित निकासी योजना, धुएं से बचाव तकनीक और प्राथमिक उपचार प्रदान करने के तरीकों के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी गई।डलहौजी यूथ क्लब में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम ने प्रतिभागियों में आपदा प्रबंधन को लेकर जागरूकता बढ़ाई और उन्हें वास्तविक परिस्थितियों में तत्परता से कार्य करने के लिए तैयार किया। प्रशिक्षकों ने कहा कि यदि प्रशिक्षित स्थानीय स्वयंसेवक गांवों और शहरी क्षेत्रों में सक्रिय रहते हैं, तो किसी भी आगजनी की स्थिति में शुरुआती क्षति को कम किया जा सकता है।

आपदा मित्रों ने फायर दल द्वारा प्रदान किए गए इस उपयोगी प्रशिक्षण के लिए आभार जताया और आश्वासन दिया कि आपातकालीन परिस्थितियों में वे समाज की सेवा के लिए सदैव तैयार रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!