जिला अध्यक्ष बनने के बाद सुरजीत भरमौरी का कल भरमौर दौरा, कार्यकर्ताओं में उत्साह

जिला अध्यक्ष बनने के बाद सुरजीत भरमौरी का कल भरमौर दौरा, कार्यकर्ताओं में उत्साह

भरमौर/ चम्बा19 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

कांग्रेस के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष बनने के बाद कल मंगलवार को सुरजीत भरमौरी पहली बार अपने गृह विधानसभा क्षेत्र भरमौर के दौरे पर आ रहे हैं। उनके इस दौरे को लेकर पूरे क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। कार्यकर्ताओं द्वारा जगह-जगह भव्य स्वागत की तैयारियां की गई हैं, जिससे संगठन में नई ऊर्जा का संचार हो रहा है।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कल सुबह साढे दस बजे जिला अध्यक्ष सुरजीत भरमौरी भरमौर विधानसभा क्षेत्र के त्रिलोचन महादेव पहुंचेंगे। यहां वे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे और संगठन की जमीनी स्थिति की नब्ज टटोलते हुए कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे। इस दौरान वे बूथ स्तर से लेकर मंडल स्तर तक संगठन की मजबूती को लेकर फीडबैक भी प्राप्त करेंगे।गौरतलब है कि सुरजीत भरमौरी तहसील भरमौर की ग्राम पंचायत सैहली के छोटे से गांव तियूला के निवासी हैं। जिला अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार अपने गृह क्षेत्र में पहुंचने पर कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। इसी कड़ी में विधानसभा क्षेत्र भरमौर के प्रवेश द्वार मैहला से लेकर धरवाला तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।अपने दौरे के दौरान सुरजीत भरमौरी न केवल संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करेंगे, बल्कि आगामी पंचायती राज चुनावों को लेकर भी कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे। वे कार्यकर्ताओं से जमीनी स्तर पर मजबूती के साथ जनता से जुड़ने का आह्वान करेंगे। इसके साथ ही प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी कार्यकर्ताओं को देंगे और इन योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश देंगे।कुल मिलाकर, सुरजीत भरमौरी का यह दौरा कांग्रेस संगठन को मजबूती देने और आगामी चुनावों की रणनीति तय करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!