सोशल मीडिया पर वायरल पंचायती राज चुनाव रोस्टर फर्जी :- उपायुक्त मुकेश रेपसवाल

चम्बा, 25 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला चम्बा में इन दिनों सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर पंचायती राज चुनावों से संबंधित एक कथित रोस्टर वायरल हो रहा है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए उपायुक्त चम्बा मुकेश रेपसवाल ने स्पष्ट किया है कि यह रोस्टर पूरी तरह से फर्जी और भ्रामक है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों को लेकर अभी तक कोई भी आधिकारिक रोस्टर जारी नहीं किया गया है।उपायुक्त ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व जानबूझकर गलत सूचनाएं फैलाकर जनता में भ्रम पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने आमजन से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित अप्रमाणिक सूचनाओं पर विश्वास न करें और केवल जिला प्रशासन या राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी की गई आधिकारिक सूचनाओं को ही सही मानें।उन्होंने यह भी कहा कि फर्जी जानकारी फैलाने वालों पर आईटी एक्ट और संबंधित कानूनों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन साइबर सेल के माध्यम से ऐसे संदेशों की निगरानी कर रहा है और दोषियों की पहचान की जा रही है।मुकेश रेपसवाल ने जनता से आग्रह किया है कि यदि किसी व्यक्ति को पंचायती राज चुनावों से संबंधित कोई भी जानकारी चाहिए, तो वे आधिकारिक वेबसाइट या जिला जनसंपर्क कार्यालय से संपर्क करें।उन्होंने कहा कि प्रशासन पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ पंचायती राज चुनावों की तैयारियों में जुटा है, और जब भी कोई आधिकारिक सूचना जारी की जाएगी, उसे मीडिया और प्रशासनिक चैनलों के माध्यम से सार्वजनिक किया जाएगा।उपायुक्त ने दोहराया कि “फर्जी सूचनाओं से बचें और प्रशासन पर भरोसा रखें,” ताकि किसी भी प्रकार का भ्रम या अफवाह फैलने से रोका जा सके।