जिला अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार भरमौर पहुंचे सुरजीत भरमौरी, कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत

भरमौर/ चम्बा 21 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
कांग्रेस के नव नियुक्त जिला अध्यक्ष सुरजीत भरमौरी ने पदभार संभालने के बाद पहली बार बीतेकल अपने विधानसभा क्षेत्र भरमौर का दौरा किया। इस अवसर पर त्रिलोचन महादेव मंदिर के प्रांगण में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं, बैंड-बाजों और नारों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने उन्हें कंधों पर उठाकर उत्साहपूर्वक अभिनंदन किया, जिससे पूरे क्षेत्र में जोश और उमंग का माहौल देखने को मिला।मनरेगा महासंग्राम कार्यक्रम के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं को केंद्र सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों की जानकारी दी गई।

कई कार्यकर्ताओं ने सरकार द्वारा उपेक्षा किए जाने का मुद्दा उठाते हुए अपनी समस्याएं और पीड़ा जिला अध्यक्ष के समक्ष रखीं। कार्यकर्ताओं ने संगठन को और मजबूत बनाने पर जोर दिया तथा सभी कांग्रेसजनों को एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। उनका कहना था कि कांग्रेस की एकता से ही भविष्य में सत्ता में बने रहना संभव है।इस मौके पर नवनियुक्त जिला अध्यक्ष सुरजीत भरमौरी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भरोसा दिलाया कि वे उनकी समस्याओं और दुख-दर्द को शीघ्र ही प्रदेश के मुख्यमंत्री तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि मनरेगा में दिहाड़ी लगाने वाले एक श्रमिक के बेटे को कांग्रेस आलाकमान ने जिले की कमान सौंपी है, जो कांग्रेस पार्टी की समावेशी सोच और जनहितैषी नीति को दर्शाता है।

उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस में निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करने वाला कोई भी आम कार्यकर्ता बड़े से बड़े पद तक पहुंच सकता है। जिला अध्यक्ष ने केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा के स्वरूप में किए जा रहे बदलावों पर चिंता जताते हुए कहा कि यह न केवल प्रदेश के साथ अन्याय है, बल्कि प्रदेश हितों के भी खिलाफ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया।