बारोटी रोड किहार में गश्त के दौरान एसआईयू पुलिस दल की बड़ी कार्यवाही, 1 किलो 166 ग्राम चरस सहित तस्कर गिरफ्तार

बारोटी रोड किहार में गश्त के दौरान एसआईयू पुलिस दल की बड़ी कार्यवाही, 1 किलो 166 ग्राम चरस सहित तस्कर गिरफ्तार

चम्बा 4 दिसंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

जिला चंबा में नशे के अवैध कारोबार पर नकेल कसने के उद्देश्य से चलाई जा रही पुलिस की मुहिम लगातार प्रभावी होती दिखाई दे रही है। इसी क्रम में थाना किहार पुलिस ने बीते कल 03 दिसंबर को बारोटी रोड किहार में गश्त के दौरान एक बड़ी सफलता दर्ज की। पुलिस टीम ने एक संदिग्ध युवक से 01 किलो 166 ग्राम चरस/कैनाबिस बरामद कर उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। यह बरामदगी हाल ही में पकड़ी गई नशीले पदार्थों की बड़ी खेपों में से एक मानी जा रही है, जो पुलिस की सतर्कता और मुस्तैदी को दर्शाती है।जानकारी के अनुसार पुलिस टीम नियमित गश्त पर थी, तभी उन्हें सड़क किनारे एक युवक संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त दिखाई दिया। शक के आधार पर जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से भारी मात्रा में चरस बरामद हुई।

आरोपी की पहचान 35 वर्षीय नर सिंह पुत्र हरी राम, निवासी गांव किलूणी, डाकघर कंधवारा, तहसील सलूणी, जिला चंबा के रूप में हुई है। आरोपी द्वारा नशीले पदार्थ को रखने और ले जाने के पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।थाना किहार में आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। बरामद चरस को सील कर लिया गया है तथा पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच प्रारंभ कर दी है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी यह चरस कहां से लेकर आया था, किसके लिए लेकर जा रहा था तथा इसके पीछे कौन–कौन से लोग जुड़े हो सकते हैं।इस पूरे मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक चंबा, विजय कुमार सकलानी ने की है। उन्होंने कहा कि जिले में नशे के तस्करों के खिलाफ अभियान जारी है और आगामी दिनों में इसे और सख्ती के साथ चलाया जाएगा। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से भी अपील की कि वे नशे से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!