सरदार@150 – एकता मार्च अभियान के तहत चम्बा व पांगी में आयोजित होंगी जिला स्तरीय पदयात्राएँ

सरदार@150 – एकता मार्च अभियान के तहत चम्बा व पांगी में आयोजित होंगी जिला स्तरीय पदयात्राएँ

चम्बा, 14 नवंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारत सरकार के युवा मामले एवं खेल मंत्रालय द्वारा “मेरा भारत” पहल के अंतर्गत “सरदार@150 – एकता मार्च” राष्ट्रीय अभियान की शुरुआत की गई है। अभियान का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता, राष्ट्रनिर्माण की भावना तथा स्वतंत्र भारत के एकीकरण में सरदार पटेल के योगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।उपायुक्त चम्बा मुकेश रेपसवाल ने बताया कि राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर यह कार्यक्रम देशभर के सभी जिलों में 31 अक्टूबर से 25 नवंबर तक आयोजित किया जा रहा है। इसी श्रृंखला में जिला चम्बा भी विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग ले रहा है।उन्होंने बताया कि “सरदार@150 – एकता मार्च” के तहत जिला चम्बा में दो प्रमुख पदयात्राएँ आयोजित की जाएंगी। पहला आयोजन 15 नवंबर को जनजातीय क्षेत्र पांगी में होगा, जहां कॉलेज पांगी परिसर से रामलीला मैदान तक 5 किलोमीटर लंबी पदयात्रा निकाली जाएगी। इस कार्यक्रम में भरमौर–पांगी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. जनक राज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। स्थानीय युवाओं, स्वयंसेवी संगठनों तथा शिक्षा संस्थानों के प्रतिनिधियों को भी इसमें शामिल किया जाएगा।दूसरी जिला स्तरीय पदयात्रा 20 नवंबर को जिला मुख्यालय चम्बा में आयोजित की जाएगी। लोकसभा सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि होंगे। यह पदयात्रा पुराना कॉलेज चम्बा से आरंभ होकर सपड़ी मोहल्ला, पुराना बस अड्डा, कैफे रोड तथा मैन बाज़ार से होते हुए लगभग 3 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।उपायुक्त ने बताया कि दोनों पदयात्राओं के समापन पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। साथ ही उपस्थित युवाओं को “एक भारत – आत्मनिर्भर भारत” की शपथ भी दिलाई जाएगी, ताकि एक सशक्त, संगठित और प्रगतिशील भारत के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!