16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर चंबा में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित, युवाओं से मतदान में भागीदारी की अपील

16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर चंबा में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित, युवाओं से मतदान में भागीदारी की अपील

चम्बा 25 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

चंबा में 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में दरबार हॉल चंबा में जिला निर्वाचन कार्यालय के सौजन्य से जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की थीम “माई इंडिया, माई वोट – मैं भारत हूं” रखी गई, जिसका उद्देश्य मतदाताओं विशेषकर युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना रहा।उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवा और भावी मतदाता मतदान के महत्व को समझें और अपने मताधिकार का अवश्य प्रयोग करें।

उन्होंने कहा कि जाति, धर्म, संप्रदाय और क्षेत्रीय भावनाओं से ऊपर उठकर किया गया निष्पक्ष मतदान ही देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाता है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य मतदाताओं को उनके अधिकारों और दायित्वों के प्रति जागरूक करना है, ताकि भारत जैसे विशाल लोकतांत्रिक देश की व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे।उपायुक्त ने युवाओं से 18 वर्ष की आयु पूर्ण करते ही मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाने का आह्वान किया तथा बताया कि इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण सेवाएं भी उपलब्ध हैं।

इस अवसर पर राष्ट्रीय मतदाता दिवस के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले बूथ लेवल अधिकारियों को सम्मानित किया गया, वहीं भावी मतदाताओं को मतदाता पहचान पत्र भी प्रदान किए गए।कार्यक्रम के दौरान भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त का वीडियो संदेश चलचित्र के माध्यम से उपस्थित लोगों को सुनाया गया। उपायुक्त ने सभी को लोकतंत्र के प्रति निष्ठा की शपथ भी दिलाई। इसके अतिरिक्त, “मेरा युवा भारत चंबा” द्वारा मतदाता जागरूकता के लिए निकाली गई पदयात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

स्कूली विद्यार्थियों द्वारा मतदाता जागरूकता पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं।इस अवसर पर सहायक आयुक्त केशव राम, जिला राजस्व अधिकारी विक्रमजीत सिंह, मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. पंकज गुप्ता, डिग्री कॉलेज के प्रधानाचार्य राकेश राठौर, तहसीलदार राहुल धीमान, नायब तहसीलदार निर्वाचन संजय शाडिंल सहित विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों एवं निर्वाचन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!