पीएमजीएसवाई-4 के तहत भटियात विधानसभा क्षेत्र को बड़ी सौगात, 12 ग्रामीण सड़कों को मिली स्वीकृति

पीएमजीएसवाई-4 के तहत भटियात विधानसभा क्षेत्र को बड़ी सौगात, 12 ग्रामीण सड़कों को मिली स्वीकृति

चम्बा 22 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के चौथे चरण के अंतर्गत भटियात विधानसभा क्षेत्र के लिए केंद्र सरकार ने 12 ग्रामीण सड़कों को स्वीकृति प्रदान की है। इन सड़कों के निर्माण पर कुल 103.53 करोड़ रुपये की लागत आएगी, जबकि इनकी कुल लंबाई 67.22 किलोमीटर होगी। सड़कों की इस स्वीकृति से क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में आवागमन सुविधाजनक होने के साथ-साथ विकास को भी गति मिलेगी।पीएमजीएसवाई-4 के तहत स्वीकृत इन 12 सड़कों में मोतला से सुखियारा, घटासनी पुल से भलोग, बलाना से बली, पातका से छतरेल, ट्रांसफार्मर से कालर जोलना, बड दरमण से बनोली, काहरी से रखेड़, मोरथू से जोलना रोड, संपर्क सड़क मार्ग मरार, संपर्क सड़क मार्ग निचला मामल, संपर्क सड़क मार्ग तुलेर से कुडेरा तथा संपर्क सड़क मार्ग धरवाई शामिल हैं। इन सड़कों के निर्माण से कई गांवों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी, जिससे ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार तक पहुंचने में सहूलियत होगी।भटियात विधानसभा क्षेत्र के स्थानीय विधायक एवं हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने इस बड़ी उपलब्धि के लिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा दी गई यह सौगात भटियात क्षेत्र के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होगी और ग्रामीण जनता को इसका सीधा लाभ मिलेगा।उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण में केंद्र सरकार द्वारा जिला चंबा के लिए कुल 65 सड़कों को स्वीकृति दी गई है। इन 65 सड़कों की कुल लंबाई 326.64 किलोमीटर है, जिन पर लगभग 551.22 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे जिले के दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों को मजबूत सड़क नेटवर्क से जोड़ा जाएगा, जो आर्थिक और सामाजिक विकास को नई दिशा देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!