आपदा प्रभावितों तक राहत सामग्री पहुंचाने में जुटे भाजपा कार्यकर्ता

डलहौजी/ चम्बा, 20 सितम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)
हाल ही में हुई भारी बारिश और प्राकृतिक आपदा ने डलहौजी विधानसभा क्षेत्र में भारी तबाही मचाई है। बारिश के कारण भूस्खलन, सड़कें टूटने और घरों को नुकसान पहुंचने से सैकड़ों परिवार बेघर हो गए हैं। प्रभावित परिवार इस कठिन परिस्थिति में दैनिक आवश्यकताओं की कमी से जूझ रहे हैं। ऐसे समय में हर स्तर से राहत और सहयोग की कोशिशें लगातार जारी हैं।
आपदा की इस घड़ी में डलहौजी भाजपा के कार्यकर्ता सेवा भाव से आगे आए हैं। क्षेत्र में भाजपा संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता निरंतर प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। खाद्य सामग्री, आवश्यक वस्तुएं और जरूरतमंदों के लिए कपड़े आदि बांटे जा रहे हैं ताकि लोग अपने जीवनयापन की मूलभूत समस्याओं से उबर सकें।

भाजपा मंडल सलूनी के अध्यक्ष मदन ठाकुर और भाजपा मंडल भलेई के अध्यक्ष मनोज भारद्वाज की अगुवाई में पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव पहुंच रहे हैं। वे न केवल राहत सामग्री वितरित कर रहे हैं बल्कि हर प्रभावित परिवार का हालचाल भी जान रहे हैं। संगठन के कार्यकर्ता लगातार यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि कोई भी जरूरतमंद परिवार सहायता से वंचित न रह जाए।
स्थानीय लोगों ने बताया कि आपदा के बाद से प्रशासन और विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ-साथ भाजपा कार्यकर्ता भी लगातार क्षेत्र में सक्रिय हैं। प्रभावित परिवारों ने राहत सामग्री मिलने पर आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि ऐसे सहयोग से वे जल्द ही इस कठिनाई से उबर पाएंगे।

दलहौजी क्षेत्र में राहत कार्य अभी भी जारी हैं और पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि जब तक हर प्रभावित परिवार सुरक्षित और व्यवस्थित न हो जाए, तब तक सेवा का यह प्रयास निरंतर चलता रहेगा।