प्रभारी थाना डलहौजी ने NCC कैडेट्स को नशे, यातायात नियम व साइबर क्राइम के प्रति किया जागरूक

डलहौजी/चंबा 13 सितंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
बनीखेत में चल रहे एनसीसी (NCC) कैम्प के दौरान आज प्रभारी थाना डलहौजी ने करीब 500 कैडेट्स को नशे के दुष्प्रभावों, यातायात नियमों और साइबर क्राइम के प्रति जागरूक किया। प्रभारी थाना ने कैडेट्स को समाज में बढ़ते नशे के सेवन के खतरनाक प्रभावों के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने बताया कि नशा न केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है, बल्कि यह परिवार, समाज और राष्ट्र के लिए भी गंभीर समस्याएं उत्पन्न करता है। विशेष रूप से युवाओं को नशे की आदत से दूर रहने की सलाह दी गई ताकि वे एक स्वस्थ, सशक्त और सफल जीवन जी सकें।इसके साथ ही प्रभारी थाना ने यातायात नियमों का पालन करने के महत्व पर भी जोर दिया।

उन्होंने कैडेट्स को बताया कि सड़क पर अनुशासनहीन व्यवहार से कितनी बड़ी दुर्घटनाएं हो सकती हैं। हेलमेट पहनने, सुरक्षित गति से वाहन चलाने, लाल बत्ती पर रुकने जैसे नियमों का पालन कर दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है। उन्होंने युवाओं को यह भी बताया कि वे स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा में भी योगदान दें।साइबर क्राइम के संबंध में भी प्रभारी थाना ने विशेष रूप से जागरूकता दी। कैडेट्स को बताया गया कि सोशल मीडिया और इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग के महत्व को समझें। अनजान लिंक पर क्लिक न करने, निजी जानकारियां साझा न करने, साइबर बुलिंग से बचने और ऑनलाइन धोखाधड़ी से सतर्क रहने के उपाय समझाए गए।

उन्होंने साइबर अपराध के शिकार होने पर तुरंत पुलिस से संपर्क करने की भी सलाह दी।इस जागरूकता कार्यक्रम से एनसीसी कैडेट्स में नशे, यातायात नियम और साइबर क्राइम के प्रति सजगता बढ़ी है। इससे समाज में सकारात्मक बदलाव की उम्मीद की जा रही है।