उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने चुराह में आपदा प्रभावित क्षेत्रों का किया दौरा, दिए राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

तीसा/चुराह, 21 सितंबर दिलीप सिंह ठाकुर
जिला चंबा के उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने शनिवार को उपमंडल चुराह के अंतर्गत आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत चिरोड़ी, चान्जु और देहरोग में आपदा से हुई क्षति का मौके पर निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं तथा आवश्यकताओं की जानकारी ली।उपायुक्त ने प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन उनके साथ खड़ा है और हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत एवं पुनर्वास कार्यों को तेजी से पूरा किया जाए ताकि प्रभावित लोगों को जल्द से जल्द सामान्य जीवन में लौटने में मदद मिले।

दौरे के दौरान उपायुक्त ने विशेष रूप से ग्रामीण संपर्क मार्गों की क्षति पर चिंता व्यक्त की और संबंधित विभागों को इन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र बहाल करने के आदेश दिए। साथ ही खंड विकास अधिकारी को ग्रामीण स्तर पर आवश्यक कार्य तुरंत शुरू करने के निर्देश भी दिए।उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है और आमजन की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। साथ ही आपदा से हुई क्षति के दीर्घकालिक समाधान पर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थितियों से निपटने के लिए ठोस प्रबंध किए जा सकें।

इस मौके पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव, उपमंडल दंडाधिकारी नागरिक चुराह अंकुर ठाकुर, खंड विकास अधिकारी अरविंद कुमार, तहसीलदार आशीष कुमार सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।उपायुक्त का यह दौरा प्रभावित क्षेत्र के लोगों के लिए राहत की उम्मीद लेकर आया है, जहां प्रशासन ने न केवल तात्कालिक सहायता बल्कि दीर्घकालिक समाधान की दिशा में भी गंभीर प्रयास शुरू कर दिए हैं।
