चंबा में दूरसंचार नेटवर्क को मजबूत बनाने के लिए उपायुक्त की समीक्षा बैठक, आपदा के दृष्टिगत वैकल्पिक नेटवर्क पर जोर

चंबा, 19 नवंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला चंबा में दूरसंचार नेटवर्क को अधिक सुदृढ़ और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आज उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) के वीडियो कॉन्फ्रेंस कक्ष में आयोजित हुई, जिसमें दूरसंचार मंत्रालय के तहत हिमाचल प्रदेश एलएसए कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों तथा विभिन्न दूरसंचार सेवा प्रदाता कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में अतिरिक्त महानिदेशक दूरसंचार (एलएसए हिमाचल) अनिल कुमार गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे।बैठक में गत मानसून के दौरान प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित दूरसंचार नेटवर्क की स्थिति, मौजूदा चुनौतियों तथा भविष्य में निर्बाध दूरसंचार सेवाएं सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक तकनीकी और प्रशासनिक उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई। उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने सभी सेवा प्रदाता कंपनियों को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन दूरसंचार नेटवर्क को मजबूत बनाने के लिए हर संभव सहयोग एवं आवश्यक समन्वय प्रदान करेगा।बैठक के दौरान उन गांवों पर भी विशेष चर्चा की गई जो सर्वेक्षण के दौरान दूरसंचार नेटवर्क की पहुंच से वंचित रह गए थे। उपायुक्त ने संबंधित उपमंडल दंडाधिकारी (एसडीएम) को निर्देश दिए कि वे ऐसे गांवों की पहचान कर विस्तृत सूची प्रशासन को उपलब्ध करवाएं, ताकि इन क्षेत्रों में शीघ्रता से कनेक्टिविटी उपलब्ध करवाई जा सके।

अतिरिक्त महानिदेशक दूरसंचार अनिल कुमार गुप्ता ने कहा कि आपदा के समय संचार तंत्र राहत एवं बचाव कार्यों की रीढ़ की हड्डी के समान होता है। उन्होंने चंबा जिले के कठिन भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए सभी दूरसंचार कंपनियों को वैकल्पिक नेटवर्क व्यवस्था के लिए ठोस एवं व्यावहारिक कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए।बैठक में मिशन उत्कर्ष, बीएसएनएल द्वारा कार्यान्वित 4G सैचुरेशन परियोजना, भारत नेट परियोजना और अन्य संबंधित योजनाओं की प्रगति पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।कार्यवाही का संचालन सहायक आयुक्त अपराजिता चंदेल ने किया। बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी भरमौर कुलबीर सिंह राणा, विभिन्न उपमंडल अधिकारी नागरिक वर्चुअल माध्यम से जुड़े। साथ ही उप महानिदेशक दूरसंचार सीवी सिंह, संतोष कुमार, सहायक महानिदेशक नीरज कुमार, निदेशक राजेंद्र कुमार सहित दूरसंचार कंपनियों के अधिकारी एवं संबंधित विभागीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे।