राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय थल्ली के विद्यार्थियों का बट्ट आईटीआई खुशनगरी में शैक्षणिक भ्रमण


राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय थल्ली के विद्यार्थियों का बट्ट आईटीआई खुशनगरी में शैक्षणिक भ्रमण

तीसा /चुराह 30 सितम्बर दिलीप सिंह ठाकुर

शिक्षा खंड तीसा के अंतर्गत आने वाले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय थल्ली के दसवीं और जमा दो कक्षाओं के विद्यार्थियों ने अपने अध्यापकों के मार्गदर्शन में बट्ट आईटीआई खुशनगरी (तीसा) का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने न केवल व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त किया बल्कि भविष्य के करियर विकल्पों को लेकर भी नई दिशा हासिल की।

बट्ट ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स के चेयरमैन परवेज अली बट्ट ने जानकारी दी कि आईटीआई के स्टाफ द्वारा विद्यार्थियों और अध्यापकों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया और संस्थान की कार्यप्रणाली व उपलब्ध सुविधाओं से अवगत करवाया गया। उन्होंने बताया कि बट्ट आईटीआई खुशनगरी में प्रशिक्षुओं को गुणवत्तापूर्ण व्यावसायिक प्रशिक्षण देने के लिए अत्याधुनिक उपकरणों और मशीनरी की व्यवस्था की गई है।

शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रयोगशालाओं का दौरा कर प्रयोगात्मक सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने अपने-अपने विषयों से संबंधित व्यावहारिक जानकारी प्राप्त करते हुए वास्तविक कार्यप्रणाली का अनुभव किया। इसके अतिरिक्त फ्रंट ऑफिस का भ्रमण कर विद्यार्थियों ने संस्थान की प्रशासनिक और प्रशिक्षण प्रणाली की भी जानकारी ली।

परवेज अली बट्ट ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों को जमा दो कक्षा के बाद करियर क्षेत्र चुनने में सहायक सिद्ध होते हैं। इस अवसर पर विद्यालय के अध्यापक जन्म सिंह, हरीश कुमार और ममता ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए बट्ट आईटीआई प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में बट्ट आईटीआई खुशनगरी के उप प्रधानाचार्य लुकेंद्र शर्मा, हमपाल, धर्मेंद्र, उर्मिला, राहुल और विजय सहित अन्य स्टाफ सदस्य भी मौजूद रहे। विद्यार्थियों ने इस भ्रमण को ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायी अनुभव बताया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!