चंबा पुलिस के एसआईयू दल को कामयाबी 525 ग्राम चरस सहित 26 वर्षीय युवक काबू

चंबा, 16 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला चंबा पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (SIU) चंबा ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस टीम ने आज शाम 07:30 बजे चंबा–तीसा सड़क पर स्थित रखालू माता मंदिर के पास गश्त के दौरान एक युवक को संदिग्ध अवस्था में खड़ा पाया।पुलिस वाहन को देखते ही युवक घबरा गया और वहां से भागने की कोशिश करने लगा। शक के आधार पर पुलिस ने उसे रोका और पूछताछ की, लेकिन वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद पुलिस ने उसके काले रंग के पिट्ठू बैग की तलाशी ली, जिसमें से कुल 525 ग्राम चरस बरामद हुई।तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ थाना टिस्सा में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया।

आरोपी की पहचान 26 वर्षीय अशोक कुमार पुत्र किशोरी लाल, निवासी गांव भरनी, डाकघर टिकरगढ़, तहसील चुराह, जिला चंबा के रूप में हुई है।इस पूरे मामले की पुष्टि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंबा हितेश लखनपाल ने की। उन्होंने बताया कि पुलिस का नशे के खिलाफ चलाया गया यह अभियान लगातार जारी है और भविष्य में भी इसे और सख्ती के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।उन्होंने कहा कि जिला चंबा पुलिस नशा तस्करी और नशा सेवन करने वालों के खिलाफ शून्य सहनशीलता नीति पर काम कर रही है। साथ ही उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे समाज से इस बुराई को खत्म करने में पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।