भरमौर में लापता दो युवकों की तलाश तेज, सेना के हेलीकॉप्टर और ड्रोन से सर्च अभियान जारी

भरमौर/चंबा 25 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
जनजातीय क्षेत्र भरमौर में ट्रैकिंग के दौरान लापता हुए दो युवकों की तलाश के लिए प्रशासन ने सर्च अभियान को और तेज कर दिया है। भारी बर्फबारी और खराब मौसम के बीच अब पुलिस, जिला प्रशासन और सेना के संयुक्त प्रयासों से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। रविवार को सेना के हेलीकॉप्टर और अत्याधुनिक GPS ट्रैकर युक्त ड्रोन की मदद से दुर्गम इलाकों में हवाई निगरानी शुरू की गई।गौरतलब है कि भरमौर के दो युवक—पीयूष (13 वर्ष) और विकसित (19 वर्ष)—तीन दिन पहले भरमाणी माता जोत की ओर ट्रैकिंग पर निकले थे। दोनों युवक टेंट और स्लीपिंग बैग के साथ मरमाणी–भरमाणी से ऊपर पहाड़ी क्षेत्र की ओर गए थे, लेकिन भारी बर्फबारी और मौसम बिगड़ने के कारण लापता हो गए। परिजनों के अनुसार, दोनों युवक वहां वीडियो शूटिंग के उद्देश्य से गए थे।रविवार दोपहर करीब 4:30 बजे सेना का हेलीकॉप्टर भरमौर हेलीपैड पहुंचा, जिसके बाद ब्राह्मणी और आसपास के क्षेत्रों में सर्च अभियान शुरू किया गया।

इसके साथ ही चंबा से मंगवाए गए GPS ट्रैकर युक्त ड्रोन को भी भरमौर हेलीपैड से उड़ाया गया। ड्रोन के माध्यम से उन बर्फीले और घने जंगल क्षेत्रों की निगरानी की गई, जहां पैदल पहुंचना बेहद जोखिम भरा है।प्रशासन के अनुसार, जोत क्षेत्र में 3 से 5 फीट तक ताज़ा बर्फबारी हो चुकी है, जिससे रेस्क्यू कार्यों में भारी दिक्कतें आ रही हैं। इससे पहले स्थानीय युवाओं, पुलिस और प्रशासनिक टीमों ने लगातार दो दिनों तक भारी बर्फबारी के बीच सर्च अभियान चलाया, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया।ड्रोन सर्वे के बावजूद अब तक युवकों का पता नहीं चल सका है।

खराब मौसम के चलते पहले सेना का हेलीकॉप्टर भरमौर नहीं पहुंच सका था, लेकिन अब मौसम में आंशिक सुधार के बाद हवाई सर्च शुरू कर दिया गया है। प्रशासन को उम्मीद है कि सेना और ड्रोन की मदद से रेस्क्यू अभियान को नई दिशा मिलेगी और जल्द ही लापता युवकों के बारे में कोई अहम जानकारी सामने