बाबा लखदाता छिंज मेला खैरी में केवल दंगल का होगा आयोजन, सांस्कृतिक संध्यायें रद्द

डलहौजी/ चंबा 15 सितंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
बाबा लखदाता छिंज मेला खैरी में इस वर्ष विशेष निर्णय लिया गया है। मेला कमेटी ने स्थानीय दुकानदारों, बाहर से आए व्यापारियों, आस-पास के क्षेत्र के लोगों और दूर-दूर से आए पहलवानों की प्रार्थना पर निर्णय लिया कि इस बार मेला में केवल दंगल का आयोजन होगा।मौसम में असामान्य बदलाव और बारिश के कारण क्षेत्र की मुख्य सड़कें बाधित हो चुकी थीं, जिससे आसपास के क्षेत्रों से मेला स्थल तक पहुंचना कठिन हो गया था। इसके चलते मेला कमेटी ने प्रारंभ में निर्णय लिया था कि 23 सितंबर को निर्धारित दंगल आयोजन को रद्द किया जाए। लेकिन व्यापक विचार-विमर्श और सभी हितधारकों की सलाह के बाद यह निर्णय लिया गया कि केवल दंगल को आयोजित किया जाएगा, जबकि अन्य कार्यक्रम विशेष रूप से दोनों दिन की सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रम को रद्द किया जाएगा।इस वर्ष का मेला पूरी तरह से पहलवानों के प्रदर्शन पर केन्द्रित रहेगा। विभिन्न हिस्सों से आए पहलवानों के बीच मुकाबला होगा, जिसमें ग्रामीण क्षेत्रों के युवा अपनी ताकत और कुश्ती कौशल का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को भी दुरुस्त किया गया है ताकि दर्शकों और प्रतियोगियों को कोई कठिनाई न हो।।इस बार के आयोजन में विशेष रूप से यह ध्यान रखा गया है कि केवल मुख्य आकर्षण यानी दंगल पर पूरा फोकस रहेगा, ताकि एक सुरक्षित, सुसंगठित और सफल आयोजन सुनिश्चित किया जा सके।