भारी बारिश के चलते छूटे कलाकारों के लिए 26 जुलाई को होंगे पुनः ऑडिशन

चंबा,24जुलाई मुकेश कुमार( गोल्डी)
अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला-2025 के अंतर्गत सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने के इच्छुक उन कलाकारों के लिए एक और अवसर प्रदान किया जा रहा है, जो हाल ही में हुई भारी बारिश के चलते आयोजित स्वर परीक्षा (ऑडिशन) में भाग नहीं ले सके थे। इस संबंध में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी चंबा, अमित मैहरा ने जानकारी देते हुए बताया कि इन कलाकारों के लिए अब 26 जुलाई को पुनः ऑडिशन आयोजित किए जाएंगे।अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि भारी वर्षा के कारण अनेक प्रतिभाशाली कलाकार तय कार्यक्रम में नहीं पहुंच पाए थे। इनकी कला और उत्साह को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रशासन ने दोबारा ऑडिशन की व्यवस्था की है ताकि वे भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में हिस्सा लेकर मिंजर मेले की शोभा बढ़ा सकें।उन्होंने बताया कि ऑडिशन के संचालन हेतु तीन अलग-अलग कमेटियों का गठन कर दिया गया है, जो प्रतिभागियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन करेंगी। ये कमेटियां संगीत, नृत्य और नाट्य जैसी विधाओं के अनुरूप बनाई गई हैं ताकि चयन प्रक्रिया पारदर्शी व निष्पक्ष बनी रहे।ऑडिशन का आयोजन पूर्ववत स्थल — राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, चंबा — में ही किया जाएगा। इच्छुक कलाकारों से अनुरोध किया गया है कि वे निर्धारित तिथि को निर्धारित समय पर अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें।प्रशासन द्वारा यह निर्णय मिंजर मेले की तैयारियों को गति देने के साथ-साथ लोक संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लिया गया है। उम्मीद है कि इस पहल से स्थानीय कलाकारों को मंच मिलेगा और मेले की सांस्कृतिक विविधता और भव्यता में वृद्धि होगी।