विधायक प्राथमिकता बैठक में सीएम सुक्खू ने विकास कार्यों की समीक्षा की, आय बढ़ाने के प्रयासों पर दिया जोर

शिमला 07 फरवरी चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज शिमला में आयोजित विधायक प्राथमिकता बैठक के दूसरे दिन के प्रथम सत्र की अध्यक्षता की। इस सत्र में कुल्लू, मंडी और शिमला जिला के विधायकों के साथ वित्त वर्ष 2026-27 के लिए विकास प्राथमिकताओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक का उद्देश्य आगामी वित्तीय वर्ष में जनहित से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता देना और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना रहा।मुख्यमंत्री ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने बीते तीन वर्षों में अपने संसाधनों से 26,683 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है, जो सरकार की सुदृढ़ वित्तीय प्रबंधन नीति को दर्शाता है।

उन्होंने बताया कि वाइल्ड फ्लावर हॉल होटल से राज्य सरकार को लगभग 401 करोड़ रुपये का लाभ प्राप्त हुआ है। इसके अलावा कड़छम-वांगतू जल विद्युत परियोजना में रॉयल्टी बढ़ने से प्रदेश को प्रतिवर्ष करीब 150 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय सुनिश्चित हुई है, जिससे विकास कार्यों को गति मिलेगी।बैठक के दौरान विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, पर्यटन सहित अन्य महत्वपूर्ण विकासात्मक मुद्दों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि विधायक प्राथमिकता के अंतर्गत आने वाले कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए और विभागों के बीच आपसी समन्वय को और अधिक मजबूत किया जाए, ताकि योजनाओं का लाभ आम जनता तक शीघ्र पहुंचे।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने दोहराया कि राज्य सरकार पारदर्शी, जवाबदेह और जनकेंद्रित शासन प्रणाली के माध्यम से प्रदेश के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के हर क्षेत्र का संतुलित विकास करना और लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाना है।