चंबा के मैहला में बच्चे से मारपीट करने वाला जेबीटी शिक्षक सस्पेंड

चंबा के मैहला में बच्चे से मारपीट करने वाला जेबीटी शिक्षक सस्पेंड

चंबा, 30 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

चंबा जिले के मैहला विकास खंड की एक सरकारी प्राथमिक पाठशाला में छात्र के साथ मारपीट करने वाले जेबीटी शिक्षक को शिक्षा विभाग ने निलंबित कर दिया है। विभाग ने सस्पेंड किए गए शिक्षक का हैडक्वार्टर बीईईओ कार्यालय कल्हेल एट नकरोड निर्धारित किया है। साथ ही उसे बिना पूर्व अनुमति अपने मुख्यालय से बाहर न जाने के निर्देश जारी किए गए हैं।शिक्षा उपनिदेशक (प्रारंभिक) चंबा बलवीर सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि यह कार्रवाई जांच रिपोर्ट और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर की गई है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले मैहला विकास खंड की एक सरकारी पाठशाला में एक अध्यापक द्वारा बच्चे की पिटाई की गई थी, जिससे छात्र के कान में चोट लग गई थी। घायल छात्र को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा में भर्ती कराया गया था।घटना के बाद जब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो विभाग ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मामले की जांच के आदेश दिए। जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की गई थी, जिसने अपनी रिपोर्ट विभाग को सौंपी। रिपोर्ट में शिक्षक के खिलाफ आरोप सही पाए जाने पर विभाग ने उसके विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई अमल में लाई।शिक्षा उपनिदेशक ने कहा कि विद्यार्थियों के साथ किसी भी प्रकार की हिंसात्मक या अनुचित हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभाग छात्रों की सुरक्षा और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि शैक्षणिक संस्थानों में अनुशासन और शिक्षण की गरिमा बनी रहे।इस घटना के बाद क्षेत्र में अभिभावकों और शिक्षकों के बीच भी चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!