हिमाचल में भारी बारिश से तबाही, मुख्यमंत्री ने राहत कार्य युद्धस्तर पर चलाने के दिए निर्देश

शिमला 16 सितंबर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस ( ब्यूरो)
हिमाचल प्रदेश के मंडी, हमीरपुर, शिमला सहित कई क्षेत्रों में बीती रात से हो रही मूसलाधार बारिश ने व्यापक तबाही मचाई है। धर्मपुर में एक व्यक्ति के लापता होने तथा निहरी में तीन लोगों की दुखद मृत्यु हो गई है। वहीं, दो अन्य व्यक्तियों को सुरक्षित निकाला गया है। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएँ व्यक्त की हैं और लापता व्यक्ति की खोज हेतु रेस्क्यू ऑपरेशन युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है।मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में जन-धन का भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन को सभी प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाने के सख्त निर्देश दिए हैं। बीते कल रात उन्होंने स्वयं शिमला में जाकर बारिश की भयावहता का अनुभव किया और प्रदेशवासियों के साथ अपने दर्द को साझा किया।

उन्होंने कहा कि यह समय हमारे प्रदेश के लिए अत्यंत चुनौतीपूर्ण है, क्योंकि मौसम की बदली परिस्थितियों ने अप्रत्याशित तबाही का मंज़र पेश किया है, जिसे देखकर मन अत्यंत व्यथित हो जाता है।मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को आश्वस्त किया कि सरकार हर संभव प्रयास कर रही है ताकि इस संकट से जल्द उबरा जा सके। उन्होंने जनता से अपील की कि वे प्रशासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करें और स्वयं को सुरक्षित रखें। मौसम विभाग ने भी आज कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, जिसे गंभीरता से लिया जाना आवश्यक है।

मुख्यमंत्री ने पुनः प्रदेशवासियों से संयम बनाए रखने तथा बचाव कार्यों में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस आपदा की घड़ी में हम सबको एकजुट होकर काम करना है ताकि प्रभावित लोगों को समय पर राहत पहुँचाई जा सके। सरकार का पूरा ध्यान जनहित पर केंद्रित है और हरसंभव मदद सुनिश्चित की जा रही है।
