शराब ठेकों पर मनमानी दरें, आबकारी विभाग की लापरवाही से सक्रिय हुआ शराब माफिया :- सोनू ठाकुर

शराब ठेकों पर मनमानी दरें,आबकारी विभाग की लापरवाही से सक्रिय हुआ शराब माफिया :- सोनू ठाकुर

चंबा, 24 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

आम आदमी पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष सोनू ठाकुर ने आरोप लगाया है कि चंबा जिले में लगभग सभी शराब ठेकों पर एमआरपी से अधिक दाम वसूले जा रहे हैं, जो पूरी तरह से अवैध और जनता के साथ खुली लूट है। उन्होंने कहा कि एक तरफ जिला प्रशासन नशामुक्ति को लेकर गंभीरता दिखा रहा है, वहीं दूसरी ओर शराब विक्रेताओं की यह मनमानी प्रशासनिक नीतियों पर सीधा तमाचा है।सोनू ठाकुर ने बताया कि इस पूरे मामले की जांच और कार्रवाई के लिए उन्होंने जिला उपायुक्त चंबा को ईमेल के माध्यम से शिकायत भेजी थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने कहा कि अधिकांश शराब दुकानों पर रेट लिस्ट प्रदर्शित नहीं की जा रही है, न ही ग्राहकों को बिल जारी किए जा रहे हैं, जिससे पारदर्शिता समाप्त हो चुकी है।उन्होंने सवाल उठाया कि जब कोई सब्जी या किराना दुकानदार रेट लिस्ट न लगाए तो उसके खिलाफ कार्रवाई होती है, तो फिर आबकारी विभाग शराब ठेकों की इस खुली मनमानी पर चुप क्यों है? उन्होंने कहा कि विभाग की यह लापरवाही शराब माफिया को खुली छूट देने के समान है।आम आदमी पार्टी की मांग है कि जिला प्रशासन तुरंत सभी ठेका संचालकों को लिखित आदेश जारी करे कि वे बिना बिल शराब न बेचें और रेट लिस्ट को सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करना अनिवार्य बनाया जाए। साथ ही, जो ठेकेदार एमआरपी से ऊपर वसूली करते पाए जाएं, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए लाइसेंस रद्द किए जाएं।सोनू ठाकुर ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने शीघ्र कदम नहीं उठाए, तो आम आदमी पार्टी जनता के साथ मिलकर इस लूट और भ्रष्टाचार के खिलाफ ज़मीनी आंदोलन शुरू करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!