चंबा में जिला सहकारिता विकास समिति की 5वीं बैठक आयोजित

चंबा, 29 सितंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला मुख्यालय चंबा में सोमवार को जिला सहकारिता विकास समिति की 5वीं बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने की। बैठक में सहकारिता विभाग से जुड़ी विभिन्न योजनाओं व गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा की गई।उपायुक्त ने बताया कि अब प्राथमिक कृषि सहकारी समितियां (PACS) ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल योजनाओं के संचालन एवं रख-रखाव के लिए पानी समिति के रूप में कार्य करने के लिए पात्र हो गई हैं।

उन्होंने कहा कि इस संबंध में पंचायती राज एवं जल शक्ति विभाग से विस्तृत चर्चा कर निर्णय लिया जाएगा। उपायुक्त ने उम्मीद जताई कि पानी समितियों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल योजनाओं के प्रबंधन में गुणात्मक सुधार होगा और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।उन्होंने सहकारिता विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वयं सहायता समूहों और कृषि उत्पादक संघों को प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों से जोड़ा जाए ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण परिवारों को लाभ मिल सके।बैठक में प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों के कंप्यूटरीकरण, डेयरी एवं मत्स्य पालन जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देने, बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों के गठन, तथा प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्र के रूप में इनके कार्यकलापों पर चर्चा की गई।

साथ ही PACS को बहुउद्देशीय बनाने के लिए नए नियम लागू करने, खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु खाद्यान्न भंडारण कार्यक्रम में इनकी भागीदारी, ग्रामीण क्षेत्रों में जन औषधि केंद्र के रूप में कार्य करने, नए कृषक उत्पादक संघों के गठन, एलपीजी वितरण तथा पेट्रोल-डीजल बिक्री जैसी संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श हुआ।सहायक पंजीयक सहकारी सभाएं सुरजीत सिंह ने बैठक में सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया और समिति से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी दी। विभागीय अधिकारियों ने भी PACS को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए अपने सुझाव साझा किए।बैठक में कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. भूपेंद्र सिंह, सहकारी बैंक के जिला प्रबंधक हंस राज, जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता दीपक कुमार, पशुपालन विभाग से डॉ. राकेश, नाबार्ड से राकेश कुमार, खाद्य आपूर्ति विभाग से करण, मत्स्य विभाग से प्रीतम चंद सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
