सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 94 करोड़ 74 लाख की धनराशि व्यय :- विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया

चंबा, 30 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया की अध्यक्षता में आज बचत भवन चंबा में जिला कल्याण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं और कल्याणकारी कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई।
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत जिले के 56,161 पात्र पेंशनधारकों को वित्त वर्ष 2024-25 में 94 करोड़ 74 लाख रुपये की धनराशि से पेंशन प्रदान की गई है। बैठक में अक्टूबर 2025 से मार्च 2026 तक की अवधि के लिए 56,678 पेंशनधारकों हेतु 51 करोड़ 2 लाख रुपये की राशि अनुमोदित की गई।
उन्होंने बताया कि 1,446 नए पेंशन मामलों को स्वीकृति प्रदान की गई, जिनमें राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन के 438, वृद्धावस्था पेंशन के 683, राष्ट्रीय विधवा पेंशन के 62, विधवा पेंशन के 162 और अपंग पेंशन के 104 मामले शामिल हैं। इसके अतिरिक्त लंबित 336 नए मामलों को भी अनुमोदित किया गया।

बैठक में विकलांग छात्रवृत्ति योजना के तहत 3 लाख, दिव्यांग विवाह अनुदान योजना के तहत 1 लाख, अंतरजातीय विवाह पुरस्कार योजना के तहत 14 लाख, राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के तहत 9 लाख और स्वर्ण जयंती आश्रय योजना के लिए 50 लाख रुपये की धनराशि व्यय करने की स्वीकृति दी गई।
कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि सरकार समाज के कमजोर वर्गों के कल्याण को लेकर संकल्पित है और अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता गतिविधियां बढ़ाने पर भी जोर दिया।
बैठक में विधायक नीरज नैय्यर, डॉ. जनकराज, डी.एस. ठाकुर सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।