चम्बा में कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक, दिव्यांगों व कमजोर वर्गों के लिए लाभ सुनिश्चित करने पर जोर

चम्बा में कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक, दिव्यांगों व कमजोर वर्गों के लिए लाभ सुनिश्चित करने पर जोर

चम्बा 20 नवंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

जिला मुख्यालय चंबा में सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने की। बैठक में कल्याण विभाग से संबंधित विभिन्न समितियों के सरकारी व गैर-सरकारी सदस्यों ने भाग लिया।बैठक के दौरान प्रधानमंत्री के न्यू 15 सूत्री कार्यक्रम, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम 1989 से संबंधित जिला स्तरीय निगरानी समिति, नेशनल ट्रस्ट तथा दिव्यांग व्यक्तियों से संबंधित जिला स्तरीय समिति के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।उपायुक्त ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्कूलों में पढ़ने वाले दिव्यांग विद्यार्थियों को सरकार द्वारा संचालित स्कॉलरशिप योजनाओं का लाभ समय पर और सुनिश्चित रूप से उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षण संस्थानों के प्रमुख स्वयं इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएं। उपायुक्त ने कल्याण विभाग के अधिकारियों को सुख आश्रय योजना के तहत अनाथ बच्चों तक लाभ पहुँचाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।बैठक में जिला कल्याण अधिकारी ने बताया कि अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम 1989 के तहत पीड़ित व्यक्तियों को संशोधित मुआवजा 85,000 रुपये से 8,25,000 रुपये तक प्रदान किया जाता है। यह राशि चरणबद्ध रूप से एफआईआर दर्ज होने, न्यायालय में चालान प्रस्तुत होने तथा अंतिम निर्णय के बाद जारी की जाती है। वर्ष 2025-26 में जिला चंबा में 1,75,000 रुपये की राहत राशि चार पीड़ितों को प्रदान की गई है।

बैठक में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी, एडीएम अमित मैहरा, जिला रोजगार अधिकारी अरविंद चौहान, नगर परिषद की वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी राखी कौशल सहित कल्याण, स्वास्थ्य व शिक्षा विभागों के अधिकारी तथा विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!