भर्ती वर्ष 2025-26 के लिए अग्निवीर जीडी श्रेणी के प्रवेश पत्र हुए जारीउम्मीदवार www.joinindianarmy.nic.in से करें डाउनलोड

चंबा, 18 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
सेना में भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक अहम जानकारी सामने आई है। निदेशक सेना भर्ती कार्यालय, पालमपुर (हिमाचल प्रदेश) ने सूचित किया है कि भर्ती वर्ष 2025-26 के लिए अग्निवीर जनरल ड्यूटी (जीडी) श्रेणी के प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं। इसके साथ ही अग्निवीर की अन्य श्रेणियों के प्रवेश पत्र 18 जून 2025 को आधिकारिक रूप से जारी कर दिए जाएंगे।निदेशक ने बताया कि सभी पात्र उम्मीदवार अपने प्रवेश पत्र भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in से डाउनलोड कर सकते हैं।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रवेश पत्र केवल ऑनलाइन मोड में ही उपलब्ध होंगे, और किसी को डाक या अन्य माध्यम से नहीं भेजे जाएंगे।यदि किसी उम्मीदवार को प्रवेश पत्र डाउनलोड करने में कोई कठिनाई आती है, तो वे सेना भर्ती कार्यालय पालमपुर से व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर सकते हैं। साथ ही, उम्मीदवार ई-मेल के माध्यम से aropalampur@gmail.com पर या दूरभाष नंबर 88940-88311 पर भी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

गौरतलब है कि अग्निवीर योजना के तहत भर्ती होने वाले युवाओं को चार वर्षों की सेवा दी जाती है, जिसमें उन्हें प्रशिक्षण के साथ-साथ वेतन और अन्य सुविधाएं भी प्रदान की जाती हैं। इस योजना के अंतर्गत भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी और पूरी तरह से डिजिटल माध्यम से संचालित की जाती है।सेना भर्ती कार्यालय ने उम्मीदवारों से अनुरोध किया है कि वे समय पर प्रवेश पत्र डाउनलोड करें और परीक्षा से पहले सभी दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें।