चम्बा साथी ऐप व वेब पोर्टल को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित, युवाओं को मिलेगा डिजिटल मंच

चम्बा साथी ऐप व वेब पोर्टल को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित, युवाओं को मिलेगा डिजिटल मंच

चम्बा 19 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अमित मैहरा की अध्यक्षता में आज राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में चम्बा साथी ऐप एवं वेब पोर्टल को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का उद्देश्य ऐप और वेब पोर्टल की कार्यप्रणाली की समीक्षा करना तथा इसके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश देना रहा।बैठक के दौरान हिमाचल प्रदेश इलेक्ट्रॉनिक कॉरपोरेशन की ओर से सेवा प्रदाता कंपनी के प्रबंधन ने वर्चुअल माध्यम से भाग लिया और ऐप एवं वेब पोर्टल की विस्तृत कार्य प्रणाली, फीचर्स और तकनीकी पहलुओं की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि यह प्लेटफॉर्म उपयोगकर्ता के अनुकूल होगा, जिससे युवाओं का पंजीकरण और डाटा प्रबंधन सरल एवं सुरक्षित तरीके से किया जा सकेगा।उल्लेखनीय है कि चम्बा साथी ऐप एवं वेब पोर्टल जिला प्रशासन की एक अभिनव पहल है, जिसका मुख्य उद्देश्य चंबा जिला के विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं का एक समेकित ऑनलाइन डाटा तैयार करना है।

इस डाटा के माध्यम से प्रशासन के पास जिले के कुशल और प्रशिक्षित युवाओं की सटीक जानकारी उपलब्ध रहेगी।अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अमित मैहरा ने बताया कि ऐप एवं वेब पोर्टल पर पंजीकृत प्रशिक्षित युवाओं को उनके कौशल के अनुसार आपदा प्रबंधन अथवा अन्य प्रशासनिक एवं सामाजिक कार्यों में वालंटियर के रूप में सेवाएं ली जाएंगी। इससे आपात परिस्थितियों में त्वरित और प्रभावी सहायता सुनिश्चित हो सकेगी। इसके साथ ही यह प्लेटफॉर्म युवाओं तक विभिन्न सरकारी योजनाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं आवश्यक सूचनाओं को आसानी और शीघ्रता से पहुंचाने में भी सहायक सिद्ध होगा।बैठक में जिला रोजगार अधिकारी अरविन्द सिंह चौहान तथा जिला सूचना विज्ञान अधिकारी संदीप कुमार भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने इस पहल को युवाओं के लिए रोजगारपरक अवसरों और सामाजिक सहभागिता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!