उपायुक्त ने राज्य आपदा न्यूनीकरण निधि की लंबित परियोजनाओं को समयबद्ध पूरा करने के दिए निर्देश

उपायुक्त ने राज्य आपदा न्यूनीकरण निधि की लंबित परियोजनाओं को समयबद्ध पूरा करने के दिए निर्देश

चम्बा 19 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने राज्य आपदा न्यूनीकरण निधि (एसडीएमएफ) के तहत वित्तपोषित लंबित परियोजनाओं को तय समय-सीमा में पूरा करने के सख्त निर्देश दिए हैं। वे आज जिला में राज्य आपदा न्यूनीकरण निधि के अंतर्गत चल रही विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।बैठक के दौरान उपायुक्त ने लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग, राष्ट्रीय उच्च मार्ग तथा शिक्षा विभाग से संबंधित योजनाओं की विभागवार विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो कार्य पूर्ण हो चुके हैं, उनके उपयोगिता प्रमाण पत्र शीघ्र उपलब्ध करवाए जाएं ताकि आगामी वित्तीय प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा न आए।जल शक्ति विभाग से संबंधित परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने बनीखेत नाला में बाढ़ संरक्षण कार्यों की गति तेज करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही चंबा शहर के लिए प्रस्तावित अतिरिक्त अग्निशमन प्रणाली की स्थापना को लेकर आवश्यक विभागीय औपचारिकताओं को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि आपदा की स्थिति में बेहतर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

उपायुक्त ने राष्ट्रीय उच्च मार्ग 154-ए के अंतर्गत मेहला घार तथा मोहल्ला पक्का टाला क्षेत्र में भूस्खलन रोकथाम कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की। इसके अतिरिक्त स्कूलों में रेट्रोफिटिंग कार्य सहित अन्य जारी परियोजनाओं की स्थिति पर चर्चा करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि राज्य आपदा न्यूनीकरण निधि के तहत क्रियान्वित परियोजनाएं जन सुरक्षा से सीधे जुड़ी हुई हैं, इसलिए इनमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समयबद्धता और गुणवत्ता दोनों सुनिश्चित की जाएं।बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अमित मैहरा, उपनिदेशक शिक्षा गुणवत्ता भाग सिंह, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण जोगिंदर शर्मा, राष्ट्रीय उच्च मार्ग के मीत शर्मा, सहायक अभियंता जल शक्ति अनिल भारद्वाज तथा डीडीएमए शाखा प्रभारी सुमित गुप्ता उपस्थित रहे। वहीं अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण दिवाकर सिंह पठानिया ने वर्चुअल माध्यम से बैठक में भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!